अलीगढ़ में मिट्टी धंसने से मलबे में दबे मजदूर की दर्दनाक मौत, 7 लाख के मुआवजे का ऐलान
Author: Vijay Jain
Apr 26, 2026 10:00 AM IST
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है. सड़क पर पाइपलाइन बिछाने का काम करते समय अचानक मिट्टी धंसने से बहुत बड़ा हादसा हो गया. मिट्टी धंसने से मलबे के नीचे मजदूर दब गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ करीब 130 सेंकड तक मजदूर मलबे में दबा रहा। इससे पहले की उसे निकाल पाते, वह दम तोड़ चुका था। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मजदूर की मौत होने की पुष्टि करते हुए 7 लाख मुआवजा देने की घोषणा की है।
हादसे की जानकारी मिलते ही सहायक नगर आयुक्त वीर सिंह और पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक कीपहचान महेंद्र सिंह (35 वर्ष) निवासी जवां इलाके के ढक नगला गांव के रूप में हुई। जेसीबी की मदद से अन्य मजदूर मलबे से बाहर निकालकर महेंद्र को मलखान सिंह जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में 2 मजदूर राजकुमार निवासी बरौला बाईपास और प्रमोद निवासी चौंमुहा अतरौली भी घायल हुए हैं, जो अब खतरे से बाहर हैं।
सीवर लाइन निर्माण के दौरान हादसा हुआ
बता दें कि रेलवे रोड पर सड़क निर्माण का कार्य जारी है। साथ ही नाले का निर्माण भी किया जा रहा है। सीवर लाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। सीवर लाइन बिछाने के दौरान हादसा हुआ। खुदाई करते समय अचानक वाटर सप्लाई की पाइप लाइन कट गई। पाइप लाइन की लीकेज ठीक करने का काम चल रहा था। 2 पाइप लाइनों की मरम्मत हो चुकी थी और तीसरी की मरम्मत कर रहे थे कि अचानक मिट्टी धंस गई और महेंद्र मलबे के नीचे दब गया।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. मजदूर की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय जांच समिति गठित की है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने के आदेश हैं।