Bihar: '2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए मजबूत उम्मीदवार बन सकते हैं नीतीश कुमार', तेजस्वी यादव
Author: Om Pratap
Aug 21, 2022 06:14 PM IST
नई दिल्ली: 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होने की अफवाहों के बीच उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर विपक्ष इस पर विचार करता है तो नीतीश कुमार इस पद के लिए एक मजबूत उम्मीदवार हो सकते हैं।
पीटीआई से बातचीत में तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री पद के लिए मजबूत उम्मीदवार बताया। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में महागठबंधन सरकार ने विपक्षी एकता के लिए अच्छा संकेत दिया और यह दर्शाता है कि अधिकांश दल देश के सामने बड़ी चुनौती को पहचानते हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं पूरे विपक्ष की ओर से बोलने का दावा नहीं कर सकता लेकिन अगर विचार किया जाए तो नीतीश कुमार निश्चित रूप से एक मजबूत उम्मीदवार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को 37 साल से अधिक का संसदीय और प्रशासनिक अनुभव है। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार पिछले 50 वर्षों से वह एक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता रहे हैं, उन्होंने जेपी और आरक्षण आंदोलनों में भाग लिया है।
बता दें कि नीतीश कुमार ने पहले कहा था कि विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनने की उनकी कोई आकांक्षा नहीं है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा था, “मैं हाथ जोड़कर कहता हूं, मेरा ऐसा कोई विचार नहीं है। मेरा काम सभी के लिए काम करना है। मैं यह देखने का प्रयास करूंगा कि सभी विपक्षी दल एक साथ काम करें। अगर वे ऐसा करते हैं तो अच्छा होगा।”