Rajasthan Winter Alert: प्रदेश में सर्द हवाओं से बढ़ने लगी ठिठुरन, इस जगह का सबसे कम रहा तापमान
Edited By Nirmal Pareek

Rajasthan Winter Update
Edited By Nirmal Pareek

Rajasthan Winter Update
Rajasthan Winter Alert: पहाड़ों में बर्फबारी से राजस्थान में आ रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश में तापमान में गिरावट का दौर जारी है। मंगलवार को चूरू, सीकर और फतेहपुर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम इस समय शुष्क बना हुआ है। अगले दो से 3 दिनों तक मौसम स्थिर बना रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में रात के तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
बता दें सर्दी बढ़ने से शेखावाटी अंचल में ओस की बूंदें नजर आने लगी है। गलन भरी सर्दी से लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव आने लग गया है। लोग सुबह-शाम सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मौसम साफ होने और अगले एक सप्ताह तक किसी भी सिस्टम के नहीं आने से सर्दी का असर और बढ़ सकता है। बीती रात प्रदेश में सबसे ठंडा फतेहपुर और चूरू रहा है। फतेहपुर का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस और चूरू का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरी भारत में अगले चार-पांच दिन मौसम साफ रहने से हवा फिर से मैदानी क्षेत्र में चलने लगेगी। इसमें पंजाब, दिल्ली और हरियाणा के अलावा राजस्थान के उत्तर पूर्वी हिस्सों में भी दिन रात के तापमान में गिरावट होगी। शेखावाटी में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
वहीं प्रदेश में अधिकतर जगहों पर दिन का तापमान 30 डिग्री से कम दर्ज किया गया है। रात का तापमान अधिकतर जगहों पर 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। आगामी दिनों में प्रदेश में तापमान में गिरावट के साथ सर्दी में तेजी होने की संभावना है। शेखावटी अंचल में सबसे ज्यादा ठंड पड़ेगी। नवंबर के आखिरी दिनों में शेखावटी का तापमान जमाव बिंदु के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: