Rajasthan News: डूंगरपुर में सीएम गहलोत ने राहत कैंपों का किया निरीक्षण, कहा- 'सामाजिक सुरक्षा हमारी सरकार की नीति'
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Rajasthan News: सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि महंगाई राहत कैंपों के जरिए प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत दिलाने का संकल्प साकार हो रहा है। कैंपों में ऐसा उत्साह है कि 23 मई तक 1.16 करोड़ परिवार पंजीयन करा चुके हैं। इन्हें 5.30 करोड़ मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड जारी किए गए हैं।
इन परिवारों को 10 विभिन्न योजनाओं के जरिए सामाजिक और आर्थिक सम्बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा ही राज्य सरकार की नीति रही है।
सीएम गहलोत मंगलवार को डूंगरपुर जिले के पीठ कस्बा (सीमलवाड़ा) स्थित सलारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित महंगाई राहत कैंप में पहुंचे। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं से योजनाओं को लेकर संवाद किया और उन्हें मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए।
इस दौरान सीएम ने राजीविका से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूह को 1 करोड़ 1 लाख रुपए का चेक प्रदान किया। उन्होंने प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर का भी अवलोकन किया। सीएम ने सभा में कहा कि पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना मुख्य उद्देश्य है।
सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आगे कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 25 लाख रूपए तक का निशुल्क इलाज, अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना में निशुल्क फूड पैकेट, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, न्यूनतम 1000 रुपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रति माह 100 और 2000 यूनिट तक निशुल्क बिजली जैसी योजनाएं लागू कर जरूरतमंदों को संबल देने में राजस्थान अग्रणी राज्य बन गया है।
बेरोजगारी से राहत देते हुए 1.50 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इतनी ही प्रक्रियाधीन हैं एवं एक लाख से अधिक की बजट घोषणा हुई है। महिला स्वास्थ्य की दिशा में उड़ान योजना के तहत निशुल्क सैनेटरी नैपकिन वितरित किए जा रहे हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए राज्य कार्मिकों के लिए बिना मांगे पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू की। उनकी अन्य मांगों के संबंध में परीक्षण कराया जा रहा है। कार्मिक निश्चिंत रहेंए उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सलारेश्वर और गोविंद गुरू जी की जन्मस्थली बांसिया में सामुदायिक भवन तथा डामोर बाहुल्य भंडारिया में उप-तहसील बनाने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने सलारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: