'नरेश मीणा राजस्थान की पुलिस को कब पटक देगा…', थप्पड़बाज नेता की CM भजनलाल को खुली चुनौती

Naresh Meena Protest Jaipur: जयपुर में निर्दलीय नेता नरेश मीणा का आमरण अनशन चल रहा है. वह झालावाड़ में स्कूल हादसे में पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने के लिए अनशन कर रहे हैं. सोमवार को उन्होंने सीएम और पुलिस को खुली चुनौती दी.

Naresh Meena Bhajan Lal Sharma

नरेश मीणा ने सीएम को दी चुनौती। Credit X

Naresh Meena Protest Jaipur: राजस्थान में SDM को थप्पड़ मारकर सुर्खियों में आए नेता नरेश मीणा पिछले कुछ दिनों से शहीद स्मारक पर अनशन कर रहे हैं. वह झालावाड़ में स्कूल हादसे के शिकार परिवारों के लिए मुआवजे की मांग कर रहे हैं. उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ पुलिस अधिकारियों को चुनौती दी.

नरेश मीणा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं- ”भजनलाल मुझे भगत सिंह बनने पर मजबूर न करे, नरेश मीणा राजस्थान की पुलिस को कब पटक देगा, पुलिस नजर नहीं आएगी. मुख्यमंत्री भजनलाल, गृह मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म कान खोलकर सुन ले, राजस्थान पुलिस के डीजीपी और कमिश्नर नरेश के शब्दों को कान खोलकर सुन लो, जो बामनवास में लोगों को पकड़ रखा है, उन्हें छोड़ दो. जो शिवदासपुरा टोल पर 5 बसों को रोक रखा है, लड़कों को गिरफ्तार किया है, उन्हें छोड़ दो, नहीं तो जेल कम पड़ जाएंगी, थाने कम पड़ जाएंगे. मुझे भजनलाल मजबूर मत करे, मैं गांधीजी की तरह अनशन कर रहा हूं, कहीं ऐसा न हो जाए मुझे ये अनशन तेरे घर में करना पड़े.”

समर्थकों को पीटा

नरेश मीणा के अनशन में सोमवार को काफी भीड़ देखी गई. हालांकि रविवार को उन्होंने कुछ समर्थकों को लात-घूंसों से पीट दिया था. वे पेड़ के नीचे आराम कर रहे थे. इससे नरेश मीणा का गुस्सा फूट पड़ा. हालांकि समर्थकों का कहना है कि इसमें विवाद की कोई बात नहीं है, गलती हमारी ही थी.

1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग

बता दें कि हाल ही में भजनलाल सरकार ने स्कूल हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया था. सरकार ने मृतक छात्रों के परिजन को 13-13 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. जबकि एक परिजन को संविदा के माध्यम से नौकरी देने का भी वादा किया है. हालांकि नरेश मीणा ने 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की है. नरेश मीणा के ऐलान के बाद पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी है. इसी के साथ धरनास्थल पर सुरक्षा भी बढ़ा दी है. मीणा ने सीएम हाउस का घेराव करने की भी बात कही है.

एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारकर चर्चा में आए थे नरेश

नरेश मीणा को 12 सितंबर को जेल से रिहा किया गया था. उसके बाद से ही वह आमरण अनशन कर रहे हैं. मीणा ने सचिन पायलट और हनुमान बेनीवाल से भी सपोर्ट मांगा है. गौरतलब है कि निर्दलीय नेता नरेश मीणा ने नवंबर 2024 में समरावता गांव में एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मार दिया था. वह इस मामले में करीब 8 महीने जेल में रहे थे. बाद में उन्हें हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ