नागौर में पटाखों के गोदाम में जोरदार धमाका, 2 लोगों की मौत; कई घरों को नुकसान
राजस्थान के नागौर के बड़ली गांव में पटाखों के गोदाम में हुए धमाके से दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया. धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा.
नागौर के बड़ली गांव में पटाखों के गोदाम में धमाके के बाद घटनास्थल पर बिखरा मलबा और मौके पर मौजूद स्थानीय लोग. (Image- ANI)
राजस्थान के नागौर में गुरुवार को पटाखों के एक गोदाम में हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसा नागौर पुलिस थाना क्षेत्र के बड़ली गांव में हुआ. धमाके में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. घायल का इलाज नागौर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल में चल रहा है. हादसे के समय गोदाम के अंदर तीन लोग मौजूद थे. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. इसकी तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर के कुछ हिस्से आसपास के घरों पर जा गिरे. धमाके के कारण आसपास के कई मकानों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है.
विज्ञापन
मौके पर पहुंचीं पुलिस और दमकल की टीमें
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस ने घटनास्थल से शवों के अवशेष इकट्ठा किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया. नागौर के तहसीलदार नरसिंह टैंक ने बताया कि घटनास्थल पर लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि शुरुआती सूचना में दो लोगों की मौत की बात सामने आई है. जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी बाकी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी.
विज्ञापन
#WATCH नागौर, राजस्थान: बड़ली इलाके में पटाखों के एक गोदाम में आग लगने की घटना में 2 लोगों की मौत हो गई। पुलिसकर्मी, दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
तहसीलदार नरसिंह टैंक ने कहा, "आज यहां आगजनी हुई है। हम मौके पर पहुंचे हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। हम इसकी जांच कर रहे हैं।… pic.twitter.com/WInGqp1l0k
सर्कल ऑफिसर जतिन जैन के मुताबिक, इस जगह पर लंबे समय से बारूद और पटाखों का गोदाम चल रहा था. बारूद में आग लगने के कारण धमाका हुआ. हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि गोदाम का लाइसेंस था और उसके मालिकों के पास जरूरी दस्तावेज भी मौजूद थे. इस कारोबार से जुड़े लोग कई सालों से पटाखों का काम कर रहे थे. हालांकि, धमाके की सटीक वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी. मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर और मुजीब के रूप में हुई है. दोनों आपस में बहनोई और साले थे. घायल व्यक्ति का नागौर के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है.