Kirodi Lal Meena On Bhajan Lal Sharma Government : राजस्थान में किरोड़ी लाल मीणा के फोन टेपिंग मामले की सियासी आग अभी ठंडी नहीं हुई है। फोन टेपिंग मामले में राजस्थान के कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा ने एक बार फिर अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब भी मेरा फोन टेप हो रहा है और सीआईडी पीछे लगी है।
भजन लाल शर्मा सरकार के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने एक बार फिर कहा कि अभी भी फोन टेप हो रहा है और सीआईडी भी पीछे लगी हुई है। उन्होंने राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार पर फोन टेपिंग और जासूसी के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कुछ मामले उजागर करने के बाद सीआईडी मेरा पीछा कर रही है और फोन टेप किया जा रहा है।
किरोड़ी लाल मीणा ने बदला अपना लहजा
हालांकि, इस बार किरोड़ी लाल मीणा ने फोन टेपिंग मामले पर अपना लहजा बदलते हुए यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जमाने से ही मेरा फोन टेप हो रहा था, क्योंकि उस समय जो अधिकारी थे, वे आज भी हैं। उन्होंने कहा कि यह बात सही है कि मुझे यह बात घर में ही बतानी चाहिए थी, मुझसे थोड़ी सी गलती हुई।
बीजेपी ने जारी किया था कारण बताओ नोटिस
आपको बता दें कि पिछले दिनों बीजेपी हाईकमान ने फोन टेपिंग वाले बयान पर किरोड़ी लाल मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस पर उन्होंने अपना जवाब भी दिया था, लेकिन एक बार फिर किरोड़ी लाल मीणा ने फोन टेपिंग की बात दोहराई। जालौर के रानीवाड़ा में आयोजित मीणा समाज के एक कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने यह बयान दिया।