---विज्ञापन---

पूर्व मंत्री का सचिव निकला पाकिस्तान का जासूस, जैसलमेर से जयपुर तक हड़कंप

राजस्थान की रेत में छुपा एक बड़ा राज सामने आया है। पूर्व मंत्री का सचिव शकूर खां अब देशद्रोह के आरोपों में फंसा है। जैसलमेर से पकड़े गए शकूर पर पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजने का आरोप है।

---विज्ञापन---

राजस्थान के शांत रेगिस्तान में एक ऐसी साजिश पकड़ी गई है, जो किसी जासूसी फिल्म से कम नहीं लगती। जैसलमेर के एक छोटे से गांव में काम करने वाला शकूर खां अब देश की सुरक्षा एजेंसियों की हिरासत में है। कभी पूर्व मंत्री का भरोसेमंद सचिव रहा शकूर, अब पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोपों में घिरा है। आरोप है कि वह सेना और सीमावर्ती इलाकों से जुड़ी सीक्रेट जानकारी पाकिस्तान भेजता था। आइए जानते हैं।

सरकारी नौकरी की आड़ में जासूसी का खेल

राजस्थान के जैसलमेर जिले से पकड़ा गया शकूर खां अब खुफिया एजेंसियों की हिरासत में है। आरोप है कि वह सरकारी कर्मचारी के रूप में काम करते हुए पाकिस्तान को सीक्रेट जानकारी भेजता था। पूछताछ में सामने आया कि शकूर खां सीमावर्ती इलाकों की सरकारी मीटिंग्स के बहाने भारतीय सेना की गतिविधियों और रणनीतिक जानकारियों को पाकिस्तान पहुंचाता था। बदले में उसे पाकिस्तान से मोटी रकम मिलती थी, जो उसके बैंक खातों में जमा होती थी। बताया जा रहा है कि वह सात बार पाकिस्तान जा चुका है और वहां के सिंध प्रांत के रहिम यार खान, सक्खर व घोटकी इलाकों में उसके रिश्तेदार हैं।

---विज्ञापन---

पूर्व मंत्री के निजी सचिव की संदिग्ध भूमिका

शकूर खां का संबंध पहले पोकरण के पूर्व विधायक और बाद में मंत्री रहे शाले मोहम्मद से रहा है। वह 2009 से 2013 तक उनके निजी सचिव की भूमिका में था और फिर 2019 से 2023 तक मंत्री के कार्यकाल में उनके बेहद करीबी रहा। इस दौरान वह मंत्री के साथ कई बार सीमावर्ती क्षेत्रों में गया और वहां से संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजी। सेना के फायरिंग रेंज, चांदन एयरबेस और पोखरण के आस-पास की गतिविधियों की खबरें लीक करने के भी आरोप हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि वह रोजगार योजनाओं के नाम पर सीमावर्ती गांवों के लोगों से भी जानकारी जुटाता था।

फोन, नेटवर्क और पैसों से जुड़े खुलासे

शकूर खां के मोबाइल से कुछ पाकिस्तानी नंबर मिले हैं, जिनका वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। साथ ही उसके फोन से कई अहम दस्तावेज डिलीट मिले हैं जिन्हें रिकवर करने की कोशिश हो रही है। एजेंसियों को शक है कि उसका संबंध हाल ही में पकड़ी गई महिला जासूस ज्योति मल्होत्रा से भी हो सकता है और दोनों किसी नेटवर्क का हिस्सा हैं। शकूर के तीन बैंक खातों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे पाकिस्तान से नियमित रूप से पैसे मिलते थे या नहीं। हवाला या किसी अन्य गुप्त तरीके से पैसे का लेन-देन हुआ या नहीं, इसकी भी जांच जारी है।

---विज्ञापन---

राजस्थान में सबसे बड़ा जासूसी कांड?

फिलहाल शकूर खां को जयपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। अगर उसके पाकिस्तान से संबंधों की पुष्टि होती है, तो यह राजस्थान में अब तक का सबसे बड़ा जासूसी मामला बन सकता है। जांच एजेंसियां शकूर से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके। यह मामला राजस्थान की शांत रेत के नीचे छुपे एक बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा करता है, जिसका पर्दाफाश होते ही और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

First published on: May 30, 2025 05:56 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola