Jaipur Internet Shutdown: राजस्थान की राजधानी जयपुर में 8 जून 2026 को अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई होने जा रही है. जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) द्वारा प्रस्तावित इस बड़े अभियान के तहत शहर के कई हिस्सों से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे, जिनमें कुछ धार्मिक स्थल भी शामिल हैं. इस महा-अभियान के दौरान शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है. एहतियात के तौर पर जयपुर के कई हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

---विज्ञापन---

24 घंटे के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया पर पाबंदी

जयपुर के संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं. आदेश के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट के जरिए अफवाहों को फैलने से रोकने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया गया है.

---विज्ञापन---

जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्रों समेत पुलिस आयुक्तालय जयपुर के अधीन आने वाले करीब 50 से अधिक इलाकों में 07 जून 2026 की रात 12:00 बजे से लेकर 08 जून 2026 की रात 12:00 बजे तक (24 घंटे के लिए) 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह निलंबित रहेंगी. इसके साथ ही बल्क एसएमएस (Bulk SMS), एमएमएस (MMS), व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) जैसी सोशल मीडिया सेवाएं भी बंद रहेंगी. हालांकि, आम जनता की सुविधा के लिए वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी.

---विज्ञापन---

इन इलाकों में रहेगा कड़ा पहरा

इंटरनेट बंदी का यह आदेश गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बनीपार्क, कानोता, तूंगा, आंधी, जमवारामगढ़, सामोद, रायसर, गोविंदगढ़, चंदवाजी, शाहपुरा, अचरोल, विराटनगर, पावटा, प्रागपुरा, मनोहरपुर, भाबरू, कालाडेरा, चौमूं, हरमाड़, झोटवाड़ा, करधनी, वैशाली नगर, सोडाला, श्याम नगर, गांधी नगर, बजाज नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, सांगानेर, प्रतापनगर, मुहाना, शिवदासपुरा, बगरू, दूदू, फागी और फुलेरा सहित कई थाना क्षेत्रों में लागू रहेगा.

---विज्ञापन---

बाहरी जिलों से बुलाई गई सुरक्षा फोर्स

इस कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. स्थानीय पुलिस के साथ-साथ बाहर के जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा फोर्स मंगवाई गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखें और सरकारी आदेशों का पालन करें. प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---विज्ञापन---