---विज्ञापन---

जयपुर की 200 साल पुरानी हवेली में मिला खजाना, 66 किलो चांदी बरामद; सोने के कलश का रहस्य बरकरार

जयपुर की करीब 200 साल पुरानी हवेली को तोड़ते समय मजदूरों को चांदी की सिल्लियां और हजारों पुराने सिक्के मिले. पुलिस के मुताबिक पांच लोगों ने खजाने को आपस में बांट लिया. अब तक 66 किलो 400 ग्राम चांदी की दो सिल्लियां बरामद हुई हैं. हवेली मालिक ने सोने के कलश मिलने का भी दावा किया है, लेकिन पुलिस को अभी तक सोने की कोई बरामदगी नहीं हुई है.

---विज्ञापन---

जयपुर के त्रिपोलिया बाजार इलाके में करीब 200 साल पुरानी एक जर्जर हवेली इन दिनों चर्चा में है. हवेली को तोड़ने के दौरान मजदूरों को जमीन और मलबे के बीच चांदी की सिल्लियां और पुराने चांदी के सिक्के मिले. आरोप है कि खजाना मिलने के बाद इसकी जानकारी हवेली मालिक को देने के बजाय पांच लोगों ने इसे आपस में बांट लिया. पुलिस के मुताबिक नवंबर 2025 में इस हवेली को तोड़ने का ठेका दिया गया था. काम शुरू होने के करीब दस दिन बाद मजदूरों को चांदी की एक बड़ी सिल्ली मिली. इसके बाद दूसरी सिल्ली और बड़ी मात्रा में पुराने चांदी के सिक्के भी मिलने लगे. आरोप है कि दिन में हवेली तोड़ने का काम चलता रहा, जबकि रात में खजाने को बाहर निकालकर छिपाने की कोशिश की गई.

ये भी पढ़ें: दीमक खा गई किसान की 5 लाख की जमा-पूंजी, खेत में गाड़े थे नोट, एक साल बाद रह गए सिर्फ टुकड़े

---विज्ञापन---

जंगल में दबा दी चांदी की सिल्लियां

पुलिस जांच में सामने आया कि चांदी की दोनों बड़ी सिल्लियों को स्कूटी से जामडोली के जंगल ले जाया गया. वहां एक पेड़ के नीचे करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोदकर दोनों सिल्लियों को दबा दिया गया. पुलिस ने अब इन्हीं सिल्लियों को बरामद कर लिया है. एक सिल्ली का वजन करीब 31 किलो और दूसरी का करीब 35 किलो बताया गया है. दोनों का कुल वजन 66 किलो 400 ग्राम है. पुलिस के मुताबिक, हवेली से मिले करीब 1500 पुराने चांदी के सिक्कों को भी पांचों लोगों ने आपस में बांट लिया था. इनमें से करीब 600 सिक्के लगभग 6 लाख रुपये में और करीब 900 सिक्के लगभग 10 लाख रुपये में बेचे गए हैं. आरोप है कि एक मजदूर ने अपने हिस्से के सिक्के बेचकर बेटी की शादी की. दूसरे आरोपी ने सिक्कों से मिले पैसों से गहने बनवाए. वहीं ठेकेदार ने इन पैसों से दो सेकंड हैंड ट्रैक्टर खरीद लिए और जेसीबी खरीदने की तैयारी कर रहा था.

पैसों के बंटवारे ने खोला 10 महीने पुराना राज

करीब 10 महीने तक ये मामला छिपा रहा. लेकिन बाद में आरोपियों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया. पुलिस के मुताबिक, अनुज नाम के आरोपी ने अपने हिस्से के पैसे मांगे. विवाद बढ़ने के बाद उसने हवेली मालिक राहुल सेठी से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दे दी. इसके बाद माणक चौक थाने में शिकायत दर्ज हुई और पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनकी निशानदेही पर जामडोली के जंगल से दोनों चांदी की सिल्लियां बरामद की गईं. अब, इस पूरी कहानी में सबसे बड़ा रहस्य सोने के कलश को लेकर है. हवेली मालिक का दावा है कि हवेली से 10 से 15 चांदी की सिल्लियां, 8 से 10 हजार पुराने चांदी के सिक्के और 14 से 15 सोने के कलश मिले थे. दावा है कि इन कलशों में सोने के सिक्के भरे हुए थे. हालांकि पुलिस की अब तक की कार्रवाई में सोने का कोई कलश या सोने के सिक्के बरामद नहीं हुए हैं. अब पुलिस उन लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन्होंने पुराने चांदी के सिक्के खरीदे. खरीदारों तक पहुंचने के बाद इस खजाने की असली मात्रा और सोने से जुड़े दावे का भी खुलासा हो सकता है.

---विज्ञापन---

ये भी पढ़ें: जयपुर में संविदा नर्सिंगकर्मियों का प्रदर्शन जारी, नर्सिंगकर्मी दे रहे आत्मदाह की चेतावनी

First published on: Aug 10, 2026 06:55 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola