राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा भाजपा के प्रशिक्षण शिविर को लेकर किए गए कटाक्ष पर सीएम भजनलाल शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने न सिर्फ गहलोत की सोच पर सवाल उठाए बल्कि उनकी राजनीतिक शैली को भी आड़े हाथों लिया। सीएम भजनलाल शर्मा ने गहलोत पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। कांग्रेस आज देश के कुछ राज्यों तक सिमट गई है और यह हताशा भरे बयान उसी निराशा का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज भी राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ काम कर रही है, जबकि कांग्रेस अब भी कुर्सी बचाने और साजिशों की राजनीति में उलझी हुई है। भजनलाल शर्मा के इस बयान पर गहलोत ने प्रतिक्रिया दी।
क्या कहा अशोक गहलोत ने?
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेरे मानसिक संतुलन के बिगड़ने का आरोप लगाया है, लेकिन मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री पीएम मोदी को विश्वास दिलाता हूं कि मेरा मानसिक संतुलन एकदम ठीक है। मैं अभी 100 साल तक राजस्थान की सेवा करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि आलोचना नहीं करता हूं बल्कि सलाह भी देता हूं। अशोक गहलोत ने कहा कि पहलगाम घटना के बाद हमने मोदी जी पर पूरा भरोसा जताया है। वे जो फैसला लेंगे हम सब उनके साथ हैं। बार-बार सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर बयान देना या उनकी आलोचना करना ठीक नहीं है। हालांकि, लोग पूछ रहे हैं कि इतने दिन हो गए, अब तक किया क्या?
क्या हैं इस बयान के मायने?
गहलोत ने इस बयान से एक तीर से दो निशाने लगाए हैं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि गहलोत ने अगले कई साल तक खुद को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट कर दिया है। साथ ही सीएम भजनलाल शर्मा के बयान के बहाने रिजॉर्ट पॉलिटिक्स की यादों को ताजा कर दिया है। इसी बहाने भाजपा पर भी हमला करने का उन्हें मौका मिल गया। बता दें कि राजस्थान में रिजॉर्ट पॉलिटिक्स चर्चा का विषय रही है। गहलोत सरकार के समय पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट से उनकी नाराजगी भी जगजाहिर हुई थी। जब पायलट ने गहलोत सरकार को अल्पमत में बता दिया था। हालांकि, अशोक गहलोत ने बहुमत के लिए जरूरी आंकड़े जुटाकर सरकार बचा ली थी।
अशोक गहलोत ने भाजपा पर किया हमला
दरअसल, गुजरात के केवड़िया में भाजपा के 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तीखा हमला बोला था। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि भाजपा द्वारा हमारी सरकार गिराने का षड़यंत्र करने पर विधायकों को एकजुट रखने के लिए कुछ दिन होटल में रहना पड़ा, जिससे भाजपा का कोई प्रलोभन काम न करे। अंतत: भाजपा के धनबल की हार हुई एवं सत्य की विजय हुई और हमारी सरकार चलती रही।
‘क्या डेढ़ साल में राजस्थान की सरकार विफल हो चुकी है?’
परन्तु यह बेहद ही आश्चर्यजनक है कि आज से अगले कुछ दिनों तक राजस्थान के मुख्यमंत्री सहित पूरी सरकार और भाजपा विधायक दल गुजरात में आलीशान टेंटनुमा रिजॉर्ट में प्रशिक्षण लेने के लिए जा रहे हैं। ऐसा पहली बार देखा जा रहा है जब सरकार बने डेढ़ साल हो जाने के बाद प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्या भाजपा हाईकमान को लगता है कि डेढ़ साल में राजस्थान की सरकार विफल हो चुकी है, इसलिए प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है? इस प्रशिक्षण में ऐसा क्या होगा जो राजस्थान में नहीं किया जा सकता? जब हमारी सरकार के दौरान अंतरराष्ट्रीय आयोजन G-20 की बैठक जयपुर, उदयपुर आदि शहरों में हुईं थीं तो भाजपा के मुख्यमंत्री और विधायकों का प्रशिक्षण राजस्थान के बाहर करवाने की नौबत क्यों आई?
‘राजस्थान की जनता इसे याद रखेगी’
गहलोत ने कहा कि जब राज्य की जनता बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था, गर्मी में पानी और बिजली की कमी, चिकित्सा सुविधाओं के बंटाधार से त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है तब भाजपा की पूरी सरकार मौज-मस्ती के लिए गुजरात में है। राजस्थान की जनता इसे याद रखेगी।
सीएम भजनलाल शर्मा ने किया पलटवार
गुजरात के वडोदरा में प्रवासी राजस्थानियों द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत के बयान को खारिज करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। वह कह रहे हैं कि हम घूमने आए हैं, जबकि हम यहां राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा लेने और जनसेवा की दिशा में मार्गदर्शन लेने आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही भूमि है जहां से सरदार पटेल ने राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। गहलोत को सलाह देते हुए भजनलाल ने कहा कि आपने यदि देश के महान नेताओं के विचारों को आत्मसात किया होता, तो आज दुर्गति नहीं होती। आपकी मानसिकता ही आपको डुबो रही है। भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने सीएम शर्मा के वीडियो शेयर किया है।
संबंधित खबरें
राजस्थान विश्वविद्यालय में गीता पर डिप्लोमा, युवाओं को मिलेगा नया नजरिया
1 day ago10 अक्टूबर को 10 घंटे के लिए नई दिल्ली और निजामुद्दीन की सभी ट्रेनें कैंसल
2 days agoराजस्थान चिकित्सा विभाग में खलबली, 678 डॉक्टरों पर कानूनी कार्रवाई
5 days agoधनतेरस के चलते बदली राजस्थान पंचायत चुनाव की तारीख, जानिए नई तारीखें
5 days agoराजस्थान पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग
8 days agoराजस्थान कांग्रेस में बढ़ा घमासान, विश्वेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी
9 days agoCJP के धरने में दिखा भगोड़ा रामचंद्र नोएडा से गिरफ्तार, ठगे थे 17 लाख
10 days agoभारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
12 days agoसुल्तानपुर नगरपालिका चुनाव विवाद: चेतन पटेल समेत 28 पर FIR
15 days agoसबसे बड़ी पार्टी बन कैसे हारी BJP? राजस्थान की एक नगरपालिका में अजीब नजारा
19 days agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines