कोटा में अतिक्रमण हटाने गई टीम के साथ मारपीट, पूर्व विधायक समेत 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
Author: Rakesh Choudhary
Jun 05, 2023 10:25 AM IST
Kota News: राजस्थान के कोटा में अतिक्रमण हटाने गई टीम से मारपीट हुई है। मामले में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल समेत 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। कोटा नगर विकास न्यास के सचिव राजेश जोशी ने मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच डीएसपी मुकुल शर्मा को सौंपी गई है।
यूआईटी सचिव द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार धर्मपुरा गांव में नगर विकास न्यास की योजना प्रक्रियाधीन है। शनिवार को यूआईटी का दस्ता 380 बीघा जमीन पर अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। इस दौरान प्रहलाद गुंजल के भतीजे लोकेश गुंजल समेत अन्य लोग 40-50 व्यक्तियों के साथ मौके पर पहुंचे और राजकार्य में बाधा डाली। पुलिस में दी गई रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों ने कर्मचारियों व अधिकारियाें को जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया। इस दौरान पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने यूआईटी के अधिकारी को फोन कर धमकाया।