हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

डूंगरपुर में सीएम गहलोत ने किया महंगाई राहत कैंपों का निरीक्षण, कहा- 'जनकल्याणकारी योजनाएं पूरे देश में अनूठी'

विज्ञापन

Dungarpur: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से परेशान जनता को महंगाई राहत शिविरों से राहत मिल रही है। इन शिविरों के द्वारा राज्य सरकार जनता को महंगाई से राहत दिलाने के संकल्प को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं पूरे देश में अनूठी है।

महंगाई राहत कैंपों का किया अवलोकन

गहलोत सोमवार को डूंगरपुर जिले के टोकवासा में महंगाई राहत कैम्प का अवलोकन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित लाभार्थी उत्सव में इंदिरा गांधी गैस सिलेण्डर सब्सिडी योजना के तहत सब्सिडी राशि लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के द्वारा हस्तांतरित की गई। 16 जून को लम्पी रोग से मरने वाले दुधारू पशुओं के लिए पशुपालकों के खातों में 40 हजार रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी। राज्य सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को राहत मिल रही है।

आमजन के लिए चलाई जा रही जनहितकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विभिन्न जनहितैषी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पूर्ववर्ती केंद्र सरकार द्वारा दिए गए शिक्षा, सूचना, खाद्य सुरक्षा एवं रोजगार के अधिकार की तर्ज पर राज्य में आमजन को कानून बनाकर स्वास्थ्य का अधिकार दिया गया है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी बीमा योजना के तहत 25 लाख रूपए तक का उपचार निशुल्क दिया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त 500 रूपए में गैस सिलेण्डर, 5 लाख रूपए का दुर्घटना बीमा, न्यूनतम 1000 रूपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन, किसानों को 2000 एवं घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट निशुल्क बिजली, अन्नपूर्णा किट, 40 हजार रूपए का पशु बीमा जैसी योजनाओं से आमजन को महंगाई की मार से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में 1.35 करोड़ महिलाओं को राज्य सरकार 3 साल के डेटायुक्त स्मार्टफोन चरणबद्ध रूप से निशुल्क उपलब्ध कराने जा रही है।

शिक्षा राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकता

गहलोत ने कहा कि शिक्षा राज्य सरकार की मुख्य प्राथमिकताओं में है। प्रदेश में पिछले 4 सालों में 303 नए कॉलेज खोले गए हैं। इनमें 130 गर्ल्स कॉलेज भी शामिल है। 500 बालिकाओं के विद्यालय में नामांकन पर कॉलेज खोलने का प्रावधान किया गया है। 30 हजार बच्चों को अनुप्रति योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयार करवाई जा रही है। राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकैडेमिक एक्सीलेंस योजना के तहत 500 बच्चों की विदेश में निशुल्क पढ़ाई का प्रावधान किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर डूंगरपुर के साबला में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की।

कोरोना महामारी में प्रदेश में हुआ शानदार प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी के दौरान शानदार प्रबंधन किया गया, जिसकी सराहना विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा भी की गई। प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से कोई जनहानि नहीं हुई। कोई भूखा न सोए के संकल्प के साथ जरूरतमंदों के लिए भोजन का प्रबंध किया गया। कोरोनाकाल में कामगार लोगों को आर्थिक संबल देने के लिए 5500 रूपए की राशि राज्य सरकार द्वारा दी गई।

कैंपों के लाभार्थियों से किया संवाद

इस अवसर पर गहलोत ने देवपुरी महाराज की धूणी में मंदिर का विकास करवाने एवं आसपुर व उदयपुर को जोड़ने के लिए सोम नदी पर पुलिया एवं सड़क के निर्माण की घोषणा की। इससे पहले गहलोत ने महंगाई राहत शिविर का अवलोकन कर लाभार्थियों से संवाद किया। लाभार्थियों ने राज्य सरकार द्वारा लाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय, विधायक गणेश गोगरा, राज्य विशेष योग्यजन आयुक्त उमाशंकर शर्मा, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पूर्व राज्यमंत्री असरार अहमद, दिनेश खोड़निया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

ताज़ा खबरें