सीएम ने जालोर में 296 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- 'राज्य की योजनाएं देश में चर्चा का विषय'
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

Rajasthan News: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य की जनकल्याणकारी योजनाएं देशभर में चर्चा का विषय हैं। स्वास्थ्य का अधिकार देने वाला राजस्थान देश का एकमात्र राज्य है। मानवीय दृष्टिकोण से राज्य सरकार द्वारा पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है। इससे लाखों कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित हुआ है। राज्य सरकार द्वारा जन घोषणा पत्र की अधिकांश घोषणाएं लागू की जा चुकी हैं। सभी की सहभागिता से 2030 तक राजस्थान को देश का प्रथम राज्य बनाना हमारा ध्येय है।
गहलोत शनिवार को जालोर में 296 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों के चलते राज्य में आमजन को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की लागत अधिक है, परंतु राज्य सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से विकास कार्यों में कमी नहीं रखी है।
क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या के निराकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा नर्मदा एवं इंदिरा गांधी नहर का पानी विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से उपलब्ध करवाया जा रहा है। जल जीवन मिशन में राज्य सरकार द्वारा 55 फीसदी हिस्सा वहन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने विगत चार साल में 303 नए महाविद्यालय खोले हैं इनमें 130 कन्या महाविद्यालय हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में विश्वविद्यालयों की संख्या भी 90 से अधिक हो गई हैं। प्रदेश के विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले गए हैं।
साथ ही, 500 मेधावी विद्यार्थियों को राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना के तहत विदेश में निशुल्क अध्ययन के लिए भेजा रहा है। गहलोत ने कहा कि जालोर में जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण होने जा रहा है जिसका पूरा वित्तीय भार राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
गहलोत ने कहा कि पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार द्वारा कानून बनाकर शिक्षा, सूचना, रोजगार एवं खाद्य सुरक्षा के अधिकार आमजन को दिए गए। वर्तमान केन्द्र सरकार को भी कानून बनाकर देश के नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा का अधिकार देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों सहित 1 करोड़ से अधिक लोगों को न्यूनतम 1 हजार रुपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। इसमें प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत वृद्धि का भी प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में राजस्थान अग्रणी है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। इस क्रम में अब राज्य सरकार 1.35 करोड़ महिलाओं को 3 साल की इंटरनेट सुविधा के साथ मोबाइल फोन निशुल्क देने जा रही है।
प्रथम चरण में 40 लाख महिलाओं को मोबाइल फोन दिए जाएंगे। महिला स्वास्थ्य प्रबंधन की दिशा में 600 करोड़ के बजट से संचालित उड़ान योजना के तहत महिलाओं-किशोरियों को प्रतिमाह 12 सैनेटरी नैपकिन निशुल्क दिए जा रहे हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: