कर्नाटक चुनाव के बाद राजस्थान को लेकर एक्शन मोड में बीजेपी, पीएम मोदी कर सकते हैं दौरा

PM Modi Rajasthan

PM Modi Rajasthan

विज्ञापन

नई दिल्ली: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा के तमाम दिग्गज नेता लगातार कर्नाटक का दौरा कर रहे हैं। दिग्गज नेताओं का भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में धुआंधार चुनाव प्रचार, रैली और रोड शो चल रहा है। कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होना है और नतीजों की घोषणा 13 मई को होगी, लेकिन इससे पहले ही अपने भाजपा आलाकमान ने राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी है। चूंकि एक राज्य में चुनाव खत्म करने के बाद भाजपा तुरंत दूसरे की तैयारी करना शुरू कर देती है ऐसे में अपनी पुरानी स्टाइल में बीजेपी राजस्थान को लेकर मुखर हो गई है।

चुनावी माहौल बनाने की तैयारी

राजस्थान में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होंगे, लेकिन भाजपा आलाकमान ने राज्य में चुनावी माहौल बनाने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं 10 मई को राजस्थान के दौरे पर जा सकते हैं। आपको बता दें कि 10 मई वही तारीख है जिस दिन कर्नाटक की जनता अपनी नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रही होगी। प्रधानमंत्री मोदी सिरोही के आबू रोड में कार्यक्रम में शामिल होंगे, एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके साथ ही राजस्थान के विकास से जुड़ी केंद्र सरकार की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी इसी महीने राजस्थान के दौरे पर जाएंगे। नड्डा के कोटा में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

Advertisment

भैरों सिंह शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह को मनाने की तैयारी

भाजपा अपने संस्थापक सदस्य और राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं देश के उपराष्ट्रपति रह चुके भैरों सिंह शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह को भी राज्य में बड़े पैमाने पर मनाने की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि शेखावत की पुण्यतिथि 15 मई से लेकर उनकी जन्मतिथि 23 अक्टूबर के दौरान राज्य के सभी 200 विधान सभा क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान भाजपा के पुराने दिग्गज नेताओं से लेकर वर्तमान में पंचायत, स्थानीय निकाय, नगर निकाय, विधान सभा और संसद तक के निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल होंगे।

राजनाथ सिंह हो सकते हैं शामिल 

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस जन्म शताब्दी समारोह के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, हालांकि उनके कार्यक्रम की तारीख पर अभी अंतिम मुहर लगनी बाकी है। जाहिर तौर पर भाजपा आलाकमान एक के बाद एक अपने बड़े नेताओं के बैक टू बैक राजस्थान का दौरा करवा कर प्रदेश में अपने कैडर और नेताओं को इलेक्शन मोड में लाना चाहती है तो साथ ही भाजपा के पक्ष में एक सकारात्मक राजनीतिक माहौल खड़ा करना भी उनका मकसद है।

आपको बता दें कि राजस्थान में एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा का ट्रेंड रहा है। फिलहाल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और बीजेपी सरकार बनाने के सपने संजो रही है। हालांकि दोनों पार्टियों की चुनौतियां कम नहीं हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इस बार ऊंट किस ओर करवट बैठता है।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ