ERCP को लेकर भाजपा के खिलाफ चलाया था अभियान, अब पार्टी ने टोडाभीम से बनाया उम्मीदवार
Author: Rakesh Choudhary
Nov 03, 2023 12:51 PM IST
BJP Fourth List For Rajasthan Assembly Election 2023: भाजपा ने शुक्रवार सुबह 2 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी। पार्टी ने शिव से स्वरूप सिंह खारा और टोडभीम से रामनिवास मीणा को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि रामनिवास मीणा 10 घंटे पहले ही भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं पार्टी ने शिव से नए चेहरे के तौर पर स्वरूप सिंह खारा को प्रत्याशी बनाया है।
स्वरूप सिंह खारा लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे। फिलहाल वे बाड़मेर से भाजपा के जिलाध्यक्ष हैं। इससे पहले शिव से रविंद्र सिंह भाटी का नाम दावेदारों की सूची में सबसे आगे चल रहा था लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला है। अब उनके हजारों समर्थक सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं। पार्टी ने आज सुबह जारी की चौथी सूची में दोनों नये उम्मीवारोें को मौका दिया है। पिछले चुनावों में पार्टी ने टोडाभीम से रमेशचंद मीणा और शिव से खंगार सिंह सोढ़ा का टिकट काटा है।
टोडाभीम से रामनिवास मीणा को बनाया प्रत्याशी
बता दें कि पार्टी ने करौली के टोडाभीम से रामनिवास मीणा को उम्मीदवार बनाया है। रामनिवास मीणा ने महीने भर पहले ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर अभियान चलाया था। इसी अभियान के तहत उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की सभा करवाई थी। इसके बाद गुरुवार रात को पार्टी ने रामनिवास मीणा को भाजपा ज्वाॅइन करवाई थी।
भाजपा ने घोषित किये 184 उम्मीदवार
इससे पहले पार्टी ने गुरुवार शाम 58 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी। इस सूची में पार्टी ने 2018 में हारे 29 प्रत्याशियों को एक बार फिर मैदान में उतारा है। इसकेे साथ ही 7 महिलाओं को भी टिकट दिया है। कुल मिलाकर पार्टी ने अब तक 184 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। वहीं कांग्रेस भी अब तक 156 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। बता दें कि प्रदेश में 25 नवंबर को मतदान होना है और 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।