Churu: गड्ढा खोदने के दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर की मौत, आसपास मची चीख-पुकार

Accident in Churu

चूरू में गड्ढा खोदने के दौरान धंसी मिट्टी

चूरू: राजस्थान के चूरू जिले से इस वक्त दुखदायी खबर सामने आ रही है। जिले के रतनगढ़ शहर के वार्ड संख्या 17 में पंचायत समिति के पीछे एक उपभोक्ता के यहां पानी का कनेक्शन करने के लिए गड्ढा खोदते वक्त एक मजदूर की मिट्टी के नीचे दबकर मौत हो गई। घटना के बाद आसपास चीख-पुकार मच गयी। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस और प्रशासन को सुचना दी गयी। इसके बाद हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू करवाया।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार रतनगढ़ शहर के वार्ड संख्या 17 में पंचायत समिति के पीछे एक उपभोक्ता के यहां पानी का कनेक्शन करने के लिए गड्ढे की खुदाई का कार्य चल रहा था। इस दौरान गड्ढ़ा खोदते समय मिट्टी धंसने से एक मजदूर उसमें दब गया। करीब दो घंटे तक 12 फीट नीचे मलबे में दबे होने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर का शव कई घंटों की मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की सहायता से निकाला गया।

कांग्रेस नेता पहुंचे घटनास्थल

वहीं घटना का पता चलने पर मौके पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ लग गई। मजदूर के साथ रहे साथी चीखने-चिल्लाने लगे। इसी दौरान मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेता रामवीर सिंह राइका ने घटना की सूचना पुलिस व नगरपालिका प्रशासन को दी। जिस पर पुलिस व पालिका के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा तीन जेसीबी से मिट्टी हटाने का कार्य शुरू कर दिया।

गहरी खुदाई करना पड़ा भारी

वार्ड संख्या 17 में पप्पू कुमार के यहां पानी का कनेक्शन करने के लिए ठेकेदार के मजदूर पहुंचे तथा खुदाई का कार्य शुरू कर दिया। लेकिन पाइप लाइन नहीं मिलने पर मजदूरों ने गहरी खुदाई करनी शुरू कर दी। इसी दौरान मिट्टी धंस गई और दौसा के गांव नायड़ा निवासी इंद्रेश (16) उसमें दब गया। घटना के बाद साथी मजदूर विष्णु चिल्लाने लगा। चीख पुकार पर मौके पर भीड़ लग गई।

करीब दो घंटे की मशक्क्त के बाद निकाला गया शव

सूचना पर पहुंचे नगरपालिका कर्मचारी पालिका एवं निजी जेसीबी की सहायता से खुदाई का कार्य शुरू कर दिया, लेकिन मिट्टी में दबे मजदूर इंद्रेश का एक घंटे के रेस्क्यू के बाद भी कोई सुराग नहीं लगा। जैसे-जैसे मिट्टी की खुदाई की गई, वैसे-वैसे मिट्टी और धंसती गई। करीब दो घंटे बाद इन्द्रेश को निकाल कर एम्बुलेंस से राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ