जालंधर में लगे पूर्व मुख्यमंत्री की गुमशुदगी के पोस्टर; कांग्रेस और भाजपा में बयानबाजी शुरू

पंजाब के जालंधर लोकसभा क्षेत्र में कई जगहों पर पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा सांसद चरणजीत चन्नी के गुमशुदा होने के पोस्टर लगे हुए हैं। जिसको लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो गया है।

Punjab MP Charanjit Channi Missing postersPunjab MP Charanjit Channi Missing posters

नरेंद्र नंदन, जालंधर

पंजाब के जालंधर में शहर और देहात के कई जगहों पर पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा सांसद चरणजीत चन्नी के गुमशुदा होने के पोस्टर लगे हुए हैं। इसकी वजह से जालंधर में राजनीति गरमाई हुई है। दरअसल, पूरे क्षेत्र में सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के गुमशुदा होने के ये पोस्टर भाजपा वर्कर एनपीएस ढिल्लों ने लगवाए हैं। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया है कि सांसद चन्नी का जालंधर में कोई घर नहीं है। वहीं उनके दफ्तर में पीए रहते हैं। इस वजह से क्षेत्र के लोगों के काफी काम रुके हुए हैं, जिसको लेकर उन्हें काम करवाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब पंजाब में इस मामले को लेकर राजनीति काफी तेज हो गई है। अब इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी का सिलसिला शुरू हो गया है।

क्या बोले भाजपा नेता मनोरंजन कालिया?

इस मामले पर भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। लेकिन यह सच है कि सांसद चन्नी ज्यादातर जालंधर में नहीं रहते। जहां उनके गुमशुदा पोस्टर की बात है, तो यह मामला पार्टी के संज्ञान में नहीं है। क्योंकि पोस्टर पर प्रिंटिंग नंबर होना अनिवार्य है, अगर पोस्टर पर वह नहीं है, तो प्रिंटिंग ऑपरेटर पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

इस मामले के जवाब में कांग्रेस के जिला प्रधान रणदीप सिंह संधू ने भाजपा वर्कर और पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। रणदीप सिंह संधू ने कहा कि सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के गुमशुदा के पोस्टर शरारती तत्वों द्वारा लगाए गए हैं। दरअसल, भाजपा नेताओं का कहना है कि उनके कार्यकर्ता द्वारा कोई गुमशुदा के पोस्टर नहीं लगाए गए। क्योंकि अगर किसी पार्टी ने यह पोस्टर लगवाए हैं, तो उस पोस्टर की प्रिंटिंग के नीचे कार्यकर्ता का नाम जरूर दिया जाता है कि वह किसके द्वारा लगाए जा रहे हैं।

हो रहा है क्षेत्र के सभी लोगों का काम

इस दौरान उन्होंने लोगों के रुके हुए कामों को लेकर कहा कि सांसद द्वारा सभी के काम करवाए जा रहे हैं। सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब में सबसे ज्यादा समय जालंधर के लोगों को ही देते हैं। वहीं ढिल्लो द्वारा सांसद के गुमशुदा के पोस्टर लगाए जाने को लेकर संधू ने कहा कि कुछ गिने-चुने 5 से 7 लोग हैं जो कह रहे हैं कि उनके काम नहीं हो रहे। बाकी सभी लोगों के कामों को सांसद द्वारा करवाया जा रहा है। ढिल्लों ऐसे पोस्टर लगाकर अपनी राजनीति को चमकाना चाहते हैं।

इमेज को खराब करने की कोशिश

इस दौरान उन्होंने सांसद में पोस्टर लगाए जाने को लेकर कहा कि ये एक निंदनीय घटना है। इससे सांसद की इमेज को खराब करने की कोशिश की जा रही है। वहीं मनोरंजन कालिया के घर पर न जाने के सवाल पर कहा कि जब वह पार्टी के कार्यक्रमों से फ्री होंगे, तो सबसे पहले वह उन्हीं के घर जाएंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए संधू ने कहा कि पंजाब में भाजपा का अपना कोई वजूद नहीं है। ये सब सिर्फ 5 से 7 शरारती तत्व हैं जो अपनी राजनीति को चमकाना चाहते हैं। गुमशुदा के पोस्टर को लेकर जल्द सांसद चरणजीत चन्नी के आने पर पार्टी द्वारा एक्शन लिया जाएगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ