दुबई से पंजाब तक नशे का नेटवर्क, 27 किलो हेरोइन और विदेशी हथियार के साथ 4 दबोचे
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने सीमा पार नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर 27 किलो हेरोइन, विदेशी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए. चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं.
पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस की कार्रवाई के दौरान बरामद हेरोइन और हथियार. (Image- ANI)
पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने सीमा पार से चलाए जा रहे नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 किलोग्राम हेरोइन, विदेश निर्मित .30 बोर PX5 पिस्तौल और तीन गोलियां बरामद की हैं. इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब इनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है.
विज्ञापन
इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान की आड़ में चल रहा था कारोबार
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से तीन आपस में करीबी दोस्त हैं. बताया गया है कि उन्होंने अपने घर पर इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान खोल रखी थी. आरोप है कि इसी दुकान की आड़ में वे करीब तीन साल से नशे का अवैध कारोबार कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, यह तीनों आरोपी लोकल में हेरोइन की सप्लाई करते थे. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क में उनकी भूमिका कितनी बड़ी थी और उनके संपर्क किन-किन लोगों से थे.
विज्ञापन
दुबई में बैठे व्यक्ति से संपर्क का खुलासा
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों के दुबई में मौजूद एक व्यक्ति और सीमा पार तस्करों के साथ संपर्क की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी विदेश में बैठे इस व्यक्ति के निर्देश पर नशे के सामानों को आगे सप्लाई करने का काम कर रहे थे. जांच में यह भी सामने आया है कि दुबई में मौजूद ऑपरेटर सीमा पार तस्करों के संपर्क में रहता था. पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है.
In a major breakthrough against narcotics & illegal arms smuggling, Counter Intelligence, Amritsar foils a cross-border smuggling module and apprehends four accused, recovering 27 Kg Heroin, one sophisticated foreign-made .30 bore PX5 pistol and three cartridges.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि 27 किलो हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि सीमा पार से भारत में नशीले पदार्थ और हथियार किस तरह पहुंचाए जा रहे थे और इस काम में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
विज्ञापन
SSOC अमृतसर में FIR दर्ज
पुलिस ने बताया कि मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में FIR दर्ज की गई है. आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) एक्ट और हथियार कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है. काउंटर इंटेलिजेंस टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है. पुलिस को आशंका है कि इस मॉड्यूल से जुड़े कुछ और लोग भी हो सकते हैं. इसलिए जांच में आरोपियों के संपर्क, पैसों के लेनदेन, नशे की सप्लाई और हथियारों के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
नशे और हथियारों की तस्करी पर नजर
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पार से होने वाली नशे और हथियारों की तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है. पुलिस के मुताबिक, ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.