हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

CM भगवंत मान बोले- धान के सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार, किसानों को 8 घंटे मिलेगी बिजली

विज्ञापन
भगवंत मान

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राज्य में आगामी खरीफ की फसल के सीजन के दौरान धान की बिजाई को सुनिश्चित बनाने के लिए पुख्ता तैयारियां की गई हैं। एक वीडियो मैसेज के जरिए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो बार हो चुकीं विशाल सरकार-किसान मिलनियों के दौरान किसानों से मिले सुझावों के अनुसार पंजाब सरकार ने राज्यभर में धान की बिजाई चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में धान की बिजाई 10 जून, 16 जून, 19 जून और 21 जून को शुरू होगी। भगवंत मान ने कहा कि बिजाई की चरणबद्ध विधि को प्रभावशाली ढंग से लागू करने के लिए राज्य को चार जोनों में बांटा गया है।

बिजाई का काम 10 जून से शुरू होगा

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि धान लगाने के लिए निर्विघ्न सिंचाई सुनिश्चित बनाने के लिए पहले पड़ाव में अंतरराष्ट्रीय सरहद पर कंटीली तार से अगली तरफ के क्षेत्रों में बिजाई का काम 10 जून से शुरू हो जाएगा, जिसके लिए निरंतर बिजली आपूर्ति मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दूसरे पड़ाव में सात जिलों फिऱोज़पुर, फरीदकोट, पठानकोट, श्री फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, एस.बी.एस. नगर और तरन तारन में 16 जून से निर्विघ्न बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

निर्विघ्न बिजली आपूर्ति मुहैया करवाई जाएगी

भगवंत मान ने बताया कि तीसरे पड़ाव के अंतर्गत सात जिलों रूपनगर, एस.ए.एस. नगर, कपूरथला, लुधियाना, फाजि़ल्का, बठिंडा और अमृतसर में 19 जून से धान की फसल लगाना सुनिश्चित बनाया जाएगा, जबकि बाकी के 9 जिलों पटियाला, जालंधर, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, होशियारपुर, संगरूर, मलेरकोटला, बरनाला और मानसा में धान की बिजाई 21 जून से शुरू होगी, जिसके लिए निर्विघ्न बिजली आपूर्ति मुहैया करवाई जाएगी।

विज्ञापन

राज्य सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी

मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि पंजाब के बहुमूल्य भूजल को बचाने के लिए राज्य भर में धान की सीधी बिजाई (डी.एस.आर.) की तकनीक के लिए बिजली की आपूर्ति 20 मई से शुरू हो जाएगी। उन्होंने आगे बताया कि धान की चरणबद्ध तरीके से बिजाई के लिए राज्य सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वह इन तरीकों को अपनाए बिना धान की फसल लगाने से गुरेज़ करें। भगवंत मान ने कहा कि किसानों को धान की पनीरी बीजने और सब्जियों समेत सिंचाई की आम ज़रूरतों के लिए चार घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी।

बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित बनाई जाएगी

धान के सीजन के दौरान किसानों को निर्विघ्न बिजली मुहैया करवाने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कम से कम आठ घंटे निर्विघ्न बिजली आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्धी पुख़्ता प्रबंध किए गए हैं और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। भगवंत मान ने कहा कि पिछले साल की तरह धान के आने वाले सीजन के दौरान भी किसानों को पानी की उचित सप्लाई मिलेगी और बिजली देने के लिए राज्य सरकार के पास कोयले का 45 दिनों का भंडार मौजूद है।

विज्ञापन

पूसा किस्म के धान की बिजाई से गुरेज किया जाए

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि तेज़ी से घट रहे पानी के स्तर को प्रभावशाली ढंग से रोकने के लिए राज्य सरकार मौजूदा खरीफ की फ़सल के सीजन के दौरान धान की सीधी बिजाई (डीएसआर) की तकनीक को बड़े स्तर पर प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए यह उपयुक्त अवसर है कि पूसा किस्म के धान की बिजाई से गुरेज किया जाए। साथ ही आर्थिक रूप से व्यावहारिक सीधी बिजाई की तकनीक को बड़े स्तर पर अपनाया जाए, जोकि भूजल को 15-20 प्रतिशत तक बचाने के साथ-साथ 10-15 प्रतिशत तक भूजल को रिचार्ज करने में भी सहायक होगा।

इसके अलावा मज़दूरी समेत अन्य लागतों पर 3000 प्रति एकड़ की बचत भी होगी। भगवंत मान ने कहा कि डी.एस.आर. तकनीक का चयन करने वाले किसानों को सम्मान राशि के तौर पर राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ 1500 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को पंजाब कृषि यूनिवर्सिटी द्वारा सिफ़ारिश की गई धान की पी.आर. किस्में को ही अपनानी चाहिए।

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola