पंजाब सीएम भगवंत मान ने किया बारिश प्रभावित इलाकों का तूफानी दौरा, राहत कार्य का जायजा लिया
Edited By Amit Kasana

भगवंत मान
Edited By Amit Kasana

भगवंत मान
रोपड़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जमीनी स्तर पर चल रहे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए सोमवर को बारिश प्रभावित इलाकों का तूफानी दौरा किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मूसलाधार बारिश से प्रभावित निचले इलाकों से सुरक्षित निकाले गये लोगों से भी बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने मोहाली के फेज 6 में स्थित रेन बसेरा, जमुना अपार्टमेंट खरड़, गांव कजौली, बूथगढ़ और रोपड़ जिले का दौरा करते हुए कहा कि वह पहले के मुख्यमंत्रियों की तरह खानापूर्ति करने के लिए स्थिति का जायजा लेने हेतु हेलीकॉप्टर पर चक्कर नहीं लगा रहे हैं बल्कि खुद लोगों के बीच जाकर वास्तविक स्थिति का जायज़ा ले रहे हैं।
सीएम ने कहा कि स्थिति चिंताजनक है लेकिन फिर भी राज्य सरकार जनहानि को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि बचाव कार्य के लिए एन.डी.आर.एफ. की टीमों को तैनात कर दिया गया है लेकिन सेना को अभी तक इस कार्य के लिए आधिकारिक तौर पर तैनात नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रविवार को उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात हुई, जिस दौरान उन्होंने गृहमंत्री को राज्य की समग्र स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि फिलहाल राहत एवं बचाव कार्यों के लिए केंद्रीय सहायता की जरूरत नहीं है क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि भगवंत मान ने कहा कि जरूरत पड़ने पर स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार से मदद मांगी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में भारी बारिश के कारण फसलों, घरों और अन्य क्षेत्रों को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर बारिश के कारण हुए नुकसान का पता लगाने के लिए तत्काल निगरानी करने हेतु उपायुक्तों को विस्तृत निर्देश जारी किए जाएंगे। भगवंत मान ने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार प्रकृति के प्रकोप से उत्पन्न स्थिति में उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद राज्य के कोने-कोने में जाकर हालात का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश किसी भी व्यक्ति के नियंत्रण से बाहर है, लेकिन सरकार हर संभव प्रयास कर रही है ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भगवंत मान ने कहा कि पहले से ही सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद हैं और इस कठिन समय में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहे हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: