News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
अमृतसर: पंजाब में महिलाओं को राखी का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को पंजाब के सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्ती के लिए 5714 आंगनवाड़ी वर्करों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यहां गुरू नानक देव यूनिवर्सिटी कैंपस में करवाए गए राज्य स्तरीय समागम में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नौजवानों की असीम ऊर्जा को सही दिशा में लगाने के लिए पंजाब सरकार ने 35,000 से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है और युवाओं को नौकरियां पूरी तरह से मेरिट के आधार पर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में आंगनवाड़ी कर्मचारियों के कल्याण के लिए और अहम पहल करेगी, जिससे यह सुनिश्चित बनाया जाएगा कि सेवाओं को सुचारू ढंग से निभाने के दौरान उनको किसी किस्म की मुश्किल का सामना न करना पड़े। राखी के त्योहार के अवसर पर आंगनवाड़ी वर्करों के साथ सांझ की बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि अब लड़कियां हर क्षेत्र में लड़कों को पछाड़ रही हैं और हम सभी को समाज की बेहतरी के लिए लड़कियों को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने खेद प्रकट किया कि पहले बेटियों को ‘कुडियां-चिडियां’ कहा जाता था, परन्तु अब अपनी मेहनत, दृढ़ निश्चय और लगन से लड़कियों ने साबित कर दिया है कि वह वास्तव में ‘शेरनियां’ हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का यह फर्ज बनता है कि वह लड़कियों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खोलकर उनको अधिक अधिकार दे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनका पक्का विश्वास है कि अगर लड़कियों को अवसर दिया जाए तो वह जिंदगी के किसी भी क्षेत्र में सफलता की नई इबारत लिख सकती हैं।
यह भी पढ़ें-पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट से मारपीट का वीडियो वायरल, पंजाब पुलिस पर लगे गंभीर आरोप
अपने भ्रष्ट साथियों की हिमायत में कलम छोड़ हड़ताल करने की योजना बना रहे सरकारी वर्कर्स को सख्त कार्यवाही की चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों का ऐसा गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और सरकारी कर्मचारियों की हड़तालों के कारण लोगों को होने वाली परेशानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार वर्करों की जायज मांगों को हल करने के लिए हमेशा तत्पर है, परन्तु वह उन लोगों की हिमायत में की जाने वाली ब्लैकमेलिंग को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे, जिनको लोगों की लूट करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने अनिवार्य सेवाओं एक्ट को लागू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे इन कर्मचारियों द्वारा छुट्टी पर जाने की सूरत में उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा सके।
पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के बेलगाम होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार के साथ किसी भी कीमत पर लिहाज न बरतने की नीति अपनाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने आम आदमी की बेटियों-बेटों को अधिक अधिकार देकर राज्य की राजनीति में एक बेमिसाल बदलाव लाए हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल के दौरान अपने आप को महलों में कैद करके उन लोगों ने राजनीतिक गुमनामी में धकेल दिया है और अब एक लोक-समर्थकीय सरकार मिशनरी भावना से लोगों की सेवा कर रही है। इस अवसर पर एक आंगनवाड़ी वर्कर ने स्टेज पर मुख्यमंत्री को राखी भी बांधी।
न्यूज 24 पर पढ़ें पंजाब, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।