Kiranjit Singh Sandhu Statement On Kangana Ranaut (विशाल) : बॉलीवुड एक्ट्रेस और मंडी से सांसद कंगना रनौता को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। संसद में एक्ट्रेस द्वारा पंजाबियों को अलगावादी और आतंकी कहे जाने का मुद्दा गूंजेगा। इस मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस के सांसद अब पार्लियामेंट के पहले सेशन में पीएम नरेंद्र मोदी और कंगना रनौत से सफाई मांगेंगे।
कंगना पर क्या बोले किरनजीत सिंह संधू?
पंजाब किसान कांग्रेस के अध्यक्ष किरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सीआईएसएफ की कॉन्स्टेबल कुलविंदर कौर को शेरनी कहा तो कंगना रनौत को कबूतरी तक बोल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कंगना रनौत अपने बयान को लेकर पंजाबियों से माफी नहीं मांगेंगी तो उन्हें मोहाली से मंडी नहीं जाने दिया जाएगा। आज सारी पार्टियां कुलविंदर कौर के साथ हैं।
संजय राउत ने भी दिखाई हमदर्दी
वहीं, कंगना रनौत को थप्पड़ मारने के मामले में शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने महिला कॉन्स्टेबल का समर्थन किया। उन्होंने महिला जवान के साथ हमदर्दी दिखाते हुए कहा कि कानून को हाथ में लेना गलत है, लेकिन कॉन्स्टेबल ने अपनी मां के लिए कानून हाथ में लिया। अगर किसी ने भारत माता का अपमान किया और किसी को गुस्सा आया तो मुझे लगता है उस बारे में सोचना चाहिए।
आपको बता दें कि चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भाजपा सांसद कंगना रनौत के साथ हुई बदसलूकी के बाद बवाल मचा है। सीआईएसएफ की महिला कॉन्स्टेबल ने कंगना रनौत को थप्पड़ जड़ दिया था। इसके बाद जवान को सस्पेंड कर उसके खिलाफ जांच बैठा दी गई है। साथ ही पुलिस ने महिला जवान कुलविंदर कौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 341 के तहत केस दर्ज कर लिया।