Captain Amarinder Singh will Rejoin to Congress: पंजाब की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बहुत बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो चुके राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की एक बार फिर कांग्रेस में वापसी की अटकलें तेज हो गई हैं. इस बात को हवा किसी और ने नहीं, बल्कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दी है.
---विज्ञापन---
भूपेंद्र हुड्डा ने क्या किया दावा?
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके संपर्क में हैं. हुड्डा ने कहा, "वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं और हमारे पुराने व वरिष्ठ साथी हैं." आपको बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और भूपेंद्र हुड्डा के बीच काफी अच्छी दोस्ती मानी जाती है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि हुड्डा ही कैप्टन की कांग्रेस में घर वापसी का जरिया बन सकते हैं.
---विज्ञापन---
बीजेपी की कार्यशैली से नाराज हैं कैप्टन?
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में जाने की चर्चाओं को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि पिछले कुछ समय से वह लगातार कांग्रेस की तारीफ कर रहे हैं. कैप्टन ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस में पंजाब को लेकर उनसे हमेशा सलाह ली जाती थी, लेकिन बीजेपी में फैसले सीधे ऊपर से थोप दिए जाते हैं. वह केवल ढिल्लों को पंजाब बीजेपी का नया प्रधान बनाए जाने से भी नाराज थे, क्योंकि इस फैसले में उनकी कोई राय नहीं ली गई थी.
---विज्ञापन---
इतना ही नहीं, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ समय पहले भावुक होते हुए कहा था, "मैं आज भी कांग्रेस को मिस करता हूं, वह एक परिवार की तरह है." उन्होंने यह भी बताया कि उनके जन्मदिन और भाई के निधन पर राहुल गांधी ने शोक संदेश भेजा था, लेकिन बीजेपी की तरफ से किसी ने कोई संवेदना नहीं जताई. इसके अलावा, कैप्टन पंजाब में अकाली दल के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं, जबकि बीजेपी अकेले सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह रही है.
---विज्ञापन---
हुड्डा के दावे पर बीजेपी का पलटवार
दूसरी तरफ, भूपेंद्र हुड्डा के इस दावे पर पंजाब बीजेपी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी है. पंजाब बीजेपी के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि नेताओं का आपस में संपर्क में होना कोई बड़ी बात नहीं है. हुड्डा ने सिर्फ संपर्क में होने की बात कही है, इसके कोई राजनीतिक मायने नहीं निकाले जाने चाहिए.
---विज्ञापन---