भगवंत मान धुरी से लड़ेंगे... AAP ने पंजाब चुनाव के 40 उम्मीदवारों का किया ऐलान, देखें पूरी लिस्ट
Punjab Assembly Elections 2027: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जिसको लेकर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. AAP इस राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल करने की कोशिश करेगी.
AAP Candidates List: आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें सीएम भगवंत मान को धुरी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. ये ऐलान 31 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले पार्टी के एक ऑफिशियल लेटर के जरिए की गई. इस लिस्ट में पार्टी के कई बड़े नेताओं का नाम शामिल हैं, जिनमें कैबिनेट मंत्री, मौजूदा विधायक और दूसरे वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं. इस ऐलान से पता चलता है कि AAP ने पंजाब में आगामी चुनावी मुकाबले के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं.
विज्ञापन
CM भगवंत मान ने चुनी धुरी सीट
पंजाब के सीएम भगवंत मान धुरी से चुनाव लड़ेंगे, जबकि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का नाम अब तक जारी की गई लिस्ट में शामिल नहीं है. दूसरे अहम उम्मीदवारों में अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंद्रबीर सिंह निज्जर, करतारपुर से बलकार सिंह, रूपनगर से दिनेश चड्ढा और कोटकपुरा से कुलतार सिंह संधवां शामिल हैं.
विज्ञापन
AAP announces first list of 40 candidates for upcoming Punjab Assembly elections. pic.twitter.com/02dh1mfVuG
पार्टी ने भगवंत मान के मंत्रिमंडल के कई साथियों को भी अलग-अलग सीटों से मैदान में उतारा है. गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौरी, फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके और जैतू से अमोलक सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है. लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा गया है, जबकि लुधियाना मध्य से अशोक पराशर ‘पप्पी’ चुनाव लड़ेंगे. पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार घोषित किया गया है.
सभी 117 सीटों के उम्मीदवारों का ऐलान नहीं हुआ
इस लिस्ट में बटाला, तरनतारन, मोगा, जलालाबाद, फाजिल्का और मुक्तसर जैसे अहम निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार भी शामिल हैं.इस ऐलान के ऑफिशियल लेटर पर ‘आप’ के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता के दस्तखत हैं. पार्टी ने अभी तक सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, जिससे संकेत मिलता है कि आगे और भी लिस्ट जल्द गी सामने आ सकती हैं. 2027 के चुनावों के करीब आने के बीच, उम्मीदवारों का ये ऐलान पंजाब में सत्ता बरकरार रखने की ‘आप’ की कोशिशों में एक अहम कदम है.