मान सरकार का ऐक्शन मोड ऑन: कानून तोड़ने वालों पर होगी तुरंत कार्रवाई

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लुधियाना में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल के भंडाफोड़ के बाद उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.

Image Source Freepik

Punjab News: पंजाब में हाल ही में उजागर हुए पाकिस्तान समर्थित आतंकी मॉड्यूल के बाद राज्य सरकार ने सुरक्षा को लेकर जीरो-टॉलरेंस की नीति दोहराई है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का ताजा बयान इसी प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसमें उन्होंने कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सख्त चेतावनी दी है.

लुधियाना में गुरुवार को पंजाब पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, जिसके पाकिस्तान स्थित ISI से जुड़े होने की पुष्टि हुई. मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को घायल अवस्था में पकड़ा गया, जबकि इससे पहले इस मॉड्यूल के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका था. पुलिस ने उनके पास से ग्रेनेड, अत्याधुनिक पिस्तौल जैसी कई भारी मात्रा में गोलियां बरामद कीं. पुलिस कमिश्नर स्वापन शर्मा के अनुसार मॉड्यूल का संचालन पाकिस्तान से वर्चुअल नंबरों के माध्यम से किया जा रहा था, जिसके जरिए हैंडलर भारतीय सदस्यों को निर्देश देता था. पकड़े गए आरोपियों को ग्रेनेड की अदला-बदली की जिम्मेदारी दी गई थी, और पुलिस द्वारा जाल बिछाने पर उन्होंने गोलियां चला दीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उन्हें काबू किया गया.

इस घटना के बाद मुख्यमंत्री मान ने स्पष्ट संदेश दिया कि राज्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही मान ने ये भी कहा कि पंजाब की शांति भंग करने वालों को “लोरी नहीं सुनाई जाएगी” बल्कि उन्हें दोगुनी जवाबी कार्रवाई मिलेगी. उनका यह बयान प्रदेश में विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है तथा यह दिखाता है कि सरकार और पुलिस आतंकी गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध हैं.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ