Noida News: नोएडा में भाजपा के पूर्व विधायक के यहां चोरी, जानें पुलिस ने क्या किया
Author: News24 हिंदी
Jul 31, 2025 07:10 PM IST
Noida News: नोएडा के थाना सेक्टर 49 पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक Vinod Kumar के घर में चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध हथियार और नकदी बरामद की है।
बाइक मोड़कर भागे
डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन के पास बैरियर लगाकर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेजी से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने किया पीछा
पुलिस ने पीछा किया तो उनकी बाइक सेक्टर-50 के पास फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान गौरव निवासी गांव मोरना, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। उसका साथी सौरव मौके से पकड़ा गया है।
सेक्टर 51 में की थी चोरी
पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाश हाल ही में सेक्टर-51 स्थित भाजपा के पूर्व विधायक के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। चोरी किए गए सामान में नकदी, मोबाइल, पानी की टोटियां और अन्य घरेलू सामान शामिल था। इस मामले में नीरज कटियार ने थाना सेक्टर-49 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ये भी पढ़ें: Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में बिजली कटौती से हाहाकार, गर्मी में कटी पूरी रात