Noida Cyber Crime: विधवा और उम्रदराज महिलाओं से शादी के नाम पर ठगी, रकम सुनकर उड़ जाएंगे होश
Edited By Naresh Chaudhary

Nigerian Gang
Edited By Naresh Chaudhary

Nigerian Gang
Noida Cyber Crime: उत्तर प्रदेश के नोएडा (Noida) में विधवा और ज्यादा उम्र की महिलाओं के साथ शादी के नाम पर ठगी करने वाले विदेशी गिरोह का पुलिस ने भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने नाइजीरिया के रहने वाले युवक और सेनेगल की रहने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। छानबीन में पता चला कि दोनों शातिरों ने 150 से ज्यादा महिलाओं के साथ करोड़ों रुपये की ठगी की है। जबकि 200 से ज्यादा महिलाओं को अपना शिकार बनाने वाले थे।
जानकारी के मुताबिक नोएडा की रहने वाली एक महिला ने सेक्टर-36 स्थित साइबर थाना पुलिस से शिकायत की थी। महिला का आरोप था कि उसकी सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को बेल्जियम की एक आईटी कंपनी का हेड बताया। उसके साथ 8.40 लाख रुपये की ठगी कर दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कई दिनों की पड़ताल के बाद एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। नाइजीरिया के रहने वाले क्यूडम ने पूछताछ में बताया कि वह खुद को अलग-अलग कंपनियों का हेड या बड़ा अधिकारी बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। उसने मेट्रीमोनियल साइट (वैवाहिक साइट्स) पर अपना प्रोफाइल बना रखे थे।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रीता यादव ने बताया कि महिलाओं से संपर्क में आने के बाद क्यूडम उन्हें गिफ्ट और विदेशी मुद्रा भेजने और इसके बाद कस्टम ड्यूटी आदि के नाम पर उनसे अपने खातों में पैसे डलवाता था। वहीं सेनेगल मूल की महिला कस्टम अधिकारी बनकर महिलाओं को फोन करती थी। छानबीन में पता चला कि आरोपितों ने 150 से ज्यादा महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया। इतना ही नहीं पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के बाद जब उनके फोन और तलाशी ली तो पता चला कि उनके पास 200 से ज्यादा महिलाओं के फोन नंबर और ईमेल आईडी का डाटा रखा था। ये लोग इन महिलाओं को भी अपना शिकार बनाने वाले थे।
पुलिस को पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वह वर्ष 2019 में बालों (Hair) का कारोबार करने के लिए बिजनेस वीजा पर भारत आए थे। भारतीयों के बालों की विदेशों में काफी मांग है। यहां के बालों की विदेशों में अच्छी खासी कीमत मिलती है, लेकिन दोनों यहां आने के बाद साइबर ठगी में लग गए। पूछताछ में पता चला है कि क्यूडम विधवा और ज्यादा उम्र की अविवाहित महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। पुलिस को आरोपियों के पास से 15 सिम कार्ड भी बरामद हुए हैं, जो पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के लोगों के नाम पर हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन अभी जारी है। पुलिस को शक है इन दोनों के साथ भारतीय लोग भी शामिल हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: