No Water Supply in Delhi: राजधानी दिल्ली पहले ही ठंड की मार झेल रही है. ऐसे में अब एक और परेशानी उनके लिए सिरदर्द बढ़ाने वाली है, वो है पानी की किल्लत. दिल्ली के करीब 28 इलाकों में 21 और 22 जनवरी को पानी नहीं आएगा. इस बात की जानकारी खुद जल बोर्ड ने दी है. ये कटौती बुनियादी ढांचे के रखरखाव और नई पाइपलाइनों को जोड़ने के काम की वजह से की जा रही है.
कौन से इलाके होंगे प्रभावित?
दिल्ली जल बोर्ड की एडवाइजरी के मुताबिक, सोनिया विहार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और हैदरपुर प्लांट से जुड़ी मेन पाइपलाइनों में रिपेयरिंग का काम होगा. इस दौरान कई इलाकों में इंटरकनेक्शन का काम भी होगा, जिसकी वजह से कई घंटों तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी. दिल्ली के 28 इलाके ऐसे हैं जो जल संकट से प्रभावित हो सकते हैं. इनमें पश्चिम विहार, मुंडका, हिरण कुडना, कमरुद्दीन नगर, निहाल विहार, रणहौला गांव, बक्करवाला, नांगलोई जेजेसी, आर ब्लॉक ज्वालापुरी, राजधानी पार्क, फ्रेंड्स एन्क्लेव, कविता कॉलोनी, मोहन गार्डन ग्रुप ऑफ कॉलोनियां, मछली मार्केट बूस्टर कमांड एरिया, विकास नगर ग्रुप ऑफ कॉलोनियां, उत्तम नगर ग्रुप ऑफ कॉलोनियां, मटियाला, बदुसराय, उजवा, दौलतपुर, हस्तसाल, दिचाऊं कला, झरोदा गांव, मितराऊं गांव, गोपाल नगर, सैनिक एन्क्लेव शामिल हैं.
दिल्ली जल बोर्ड ने की अपील
दिल्ली जल बोर्ड ने लोगों को ये सलाह दी है कि वो पानी की किल्लत से बचने के लिए पहले ही अच्छे से स्टोर कर लें. रोजमर्रा और पीने का पानी का खास तौर पर ध्यान रखें. जल बोर्ड ने अपील की है कि पानी को सिर्फ जरूरी कामों के लिए इस्तेमाल करें, जिन कामों में पानी ज्यादा लगता है उन्हें करने से बचें . जल बोर्ड ने कहा कि अगर कोई इमरजेंसी हो तो पानी के टैंकर के लिए लोकल कार्यालयों या सेंट्रल हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं.