'देश की शिक्षा व्यवस्था ICU में…', नीट पेपर लीक के खिलाफ चंडीगढ़ में कांग्रेस के दो बड़े ऐलान

चंडीगढ़ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था ‘आईसीयू’ में है और पूरा सिस्टम फ्रॉड हो चुका है. कांग्रेस ने इसके खिलाफ 40 दिनों के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान और 9 अगस्त को दिल्ली में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है.

NEET Paper Leak, Rajiv Shukla Press Conference, Congress Protest Delhi, Dharmendra Pradhan Resignation, Students Resonance Campaign
विज्ञापन

Rajiv Shukla Press Conference: नीट (NEET) पेपर लीक और देश की चरमराती शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ चौतरफा मोर्चा खोल दिया है. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मुख्य केंद्र चंडीगढ़ में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर तीखे हमले किए. राजीव शुक्ला ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए साफ तौर पर कहा कि आज देश की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था दोनों पूरी तरह ‘आईसीयू’ (ICU) में पहुंच चुकी हैं.

इस बड़े संकट के खिलाफ कांग्रेस ने आज से 40 दिनों के एक विशेष देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है. ‘छात्रों की गूंज’ नाम के इस अभियान के तहत पार्टी के नेता और कार्यकर्ता देश के 28 प्रमुख शहरों और अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों में जाएंगे. वहां विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा और उनके वॉइस मैसेज लेकर उनकी आवाज को बुलंद किया जाएगा. इस पूरे आंदोलन का समापन 9 अगस्त को दिल्ली में छात्रों के एक ऐतिहासिक और विशाल प्रदर्शन के साथ होगा.

विज्ञापन

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मौजूद रहे. नेताओं ने देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे एक ‘फ्रॉड सिस्टम’ करार दिया. उन्होंने कहा कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकारें हैं, वहां लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं. कोटा का उदाहरण देते हुए बताया गया कि राहुल गांधी की वहां हुई रैली के बाद भी हालात नहीं सुधरे. वहां अब तक करीब 20 छात्र भारी मानसिक दबाव के चलते आत्महत्या जैसा कदम उठा चुके हैं, लेकिन देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस पूरे खेल में बीजेपी के लोग शामिल हैं, जो अपना शिक्षा माफिया चलाना चाहते हैं, यही वजह है कि सीबीआई को कोई ठोस रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है.

राजीव शुक्ला और राजा वड़िंग ने परीक्षा प्रबंधन की गंभीर लापरवाहियों को उजागर करते हुए कहा कि एक तरफ नियमों की आड़ में बच्चों को महज एक मिनट की देरी होने पर परीक्षा केंद्र में घुसने नहीं दिया गया, वहीं दूसरी तरफ नागपुर के एक छात्र का परीक्षा केंद्र सीधे अबू धाबी बना दिया गया. एनटीए (NTA) और सीबीएसई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने मांग की है कि नेशनल टेस्ट एजेंसी और उससे जुड़ी सभी संस्थाओं का तुरंत ऑडिट कराया जाए.

इस बीच, चंडीगढ़ पहुंचे शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया. प्रियंका गांधी के दिशा-निर्देशों पर पंजाब कांग्रेस ने इस लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए जिला कोआर्डिनेटर भी नियुक्त कर दिए हैं. कांग्रेस ने मांग की है कि दिल्ली में होने वाले महाप्रदर्शन से पहले शिक्षा मंत्री तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें. राजीव शुक्ला ने कहा कि आगामी मानसून सत्र में इस मुद्दे को संसद के भीतर और बाहर पूरी ताकत से उठाया जाएगा. सरकार यह सुनिश्चित करे कि भविष्य में पेपर लीक पूरी तरह बंद हो.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ