महाराष्ट्र के बीड में ITI कॉलेज कैंपस में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
Author: Arif Khan
Jul 28, 2026 06:31 PM IST
महाराष्ट्र के बीड जिले के परली शहर स्थित ITI कॉलेज इलाके में एक युवक की लाश पेड़ से लटकी हुई मिली. घटना की जानकारी मिलते ही परली शहर की पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के मुताबिक, आज सुबह बीड जिले के परली शहर के सरकारी ITI कॉलेज इलाके में एक लड़के की लाश पेड़ से लटकी हुई मिली. इस घटना से इलाके में काफी सनसनी फैल गई.
पुलिस ने बताया है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए परली के सरकारी ग्रामीण अस्पताल में भेजा गया है।
मृतक युवक की पहचान परली तालुका के दादाहारी वडगांव के रहने वाले आकाश राम खटीक के रूप में हुई है. मृतक आकाश खटीक के खिलाफ परली ग्रामीण पुलिस स्टेशन में POCSO के तहत मामला दर्ज किया गया था और पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी.
कहा जा रहा है कि आकाश का परली तालुका के दादाहारी वडगांव में अपने ही गांव की 17 साल के नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था, लेकिन लड़की के परिवार ने इसे स्वीकार नहीं किया. ग्रामीणों की माने तो लड़की को उसके परिवार से काफी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. गांव में यह भी चर्चा है कि नाबालिग लड़की को आकाश से बात करने नहीं दी जा रही थी. आकाश ने लड़की से बात करने की कोशिश की. घर में घुसकर आकाश खटीक ने लड़की पर हमला कर दिया.
लड़की के माता-पिता ने आकाश के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी. इसके बाद आकाश गांव से फरार हो गया था.
पुलिस जब उसकी तलाश कर रही थी, तभी आज आकाश की लाश परली के सरकारी ITI कॉलेज के कैंपस में एक पेड़ से लटकी हुई मिली, जिससे इलाके और उसके गांव में मातम छा गया.