मुंबई में ‘वेव्हज 2025’ समिट का होगा आयोजन, बोले उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे- मनोरंजन उद्योग को मिलेगी नई उड़ान

मुंबई में 1 से 4 मई तक ‘वेव्हज 2025’ समिट का आयोजन होगा। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तैयारियों का जायजा लिया और बताया कि पीएम मोदी 1 मई को इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।

Ek Nath Shinde

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई एक बार फिर वैश्विक मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। बीकेसी स्थित जिओ वर्ल्ड सेंटर में 1 से 4 मई तक आयोजित होने वाले ‘वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिट’ (वेव्हज 2025) की तैयारियों का सोमवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्वयं जायजा लिया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, “यह सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत को ग्लोबल एंटरटेनमेंट हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। जैसे दावोस दुनिया भर के आर्थिक नेताओं को एकत्र करता है, वैसे ही वेव्हज समिट मनोरंजन क्षेत्र में निवेश और नवाचार का प्रमुख मंच बनेगा।”

निरीक्षण के दौरान शिंदे के साथ मुंबई महापालिका आयुक्त भूषण गगराणी, अपर मुख्य सचिव असीम गुप्ता, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव अनबलगन, एमआयडीसी के सीईओ पी. वेलारसु सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। समिट की तैयारियों से जुड़ा विस्तृत प्रेजेंटेशन भी इस मौके पर प्रस्तुत किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि के चलते संभव हो सका ये आयोजन

शिंदे ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार को इस वैश्विक आयोजन की मेजबानी मिलना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि के चलते संभव हो सका है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी स्वयं 1 मई को पूरे दिन मुंबई में इस समिट के दौरान उपस्थित रहेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह समिट मुंबई को न केवल तकनीकी दृष्टि से उन्नत मनोरंजन केंद्र बनाएगा, बल्कि इससे अंतरराष्ट्रीय प्रोडक्शन हाउस, स्टूडियो और टेक कंपनियों के लिए नए साझेदारी के रास्ते खुलेंगे।

समिट का उद्देश्य

  • भारत को वैश्विक ऑडियो-विजुअल उद्योग में अग्रणी बनाना
  • निवेश, तकनीक और रचनात्मकता को एक मंच पर लाना
  • मुंबई को एंटरटेनमेंट टेक्नॉलॉजी का ग्लोबल हब बनाना

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ