भिवंडी बिल्डिंग हादसे में लोगों की जान बचाने वाले TDRF के जवान की मौत, सड़क पर गड्ढा बनी मौत की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी बाइक सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में फंस गई, जिससे वह संतुलन खो बैठे और डिवाइडर से टकरा गए.
Written By Rahul Pandey

Written By Rahul Pandey

मुंबई-नासिक हाईवे पर सड़क के गड्ढे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए हैं. शाहपुर तालुका में भारंगी नदी के पुल के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठाणे TDRF (ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) के जवान विकास लहू गोरे की मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, उनकी बाइक सड़क पर बने एक बड़े गड्ढे में फंस गई, जिससे वह संतुलन खो बैठे और डिवाइडर से टकरा गए.
मृतक विकास गोरे शाहपुर के बामने गांव के निवासी थे. सोमवार सुबह वह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए निकले थे. जैसे ही वह मुंबई-नासिक हाईवे पर भारंगी नदी के पुल के पास पहुंचे, उनकी बाइक एक बड़े गड्ढे में जा घुसी. अचानक झटके के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद उनका सिर और शरीर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर विकास गोरे को शाहपुर उपजिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि विकास गोरे ने कुछ दिन पहले ही भिवंडी के कोहिनूर बिल्डिंग हादसे में राहत और बचाव अभियान के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की मदद की थी. दूसरों की जिंदगी बचाने वाले इस जवान की मौत सड़क पर बने गड्ढे के कारण होने से परिवार, साथी जवानों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक और आक्रोश है.
इस घटना के बाद एक बार फिर मुंबई-नासिक हाईवे की खराब हालत और सड़क पर बने गहरे गड्ढों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से हाईवे पर गड्ढों की समस्या बनी हुई है, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: