---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

मुंबई से सटे कल्याण में आवारा कुत्ते का आतंक! एक दिन में 130 से 150 लोगों को काटने का दावा

कल्याण पश्चिम में एक आवारा कुत्ते ने कथित तौर पर एक ही दिन में 130 से 150 लोगों को काटा है, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं. यह घटना खड़कपाड़ा, आधारवाड़ी जेल और संदीप होटल के आसपास के इलाकों में हुई, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. पढ़ें ठाणे से वसंत चौहान की रिपोर्ट.

---विज्ञापन---

मुंबई से सटे कल्याण पश्चिम में इन दिनों लोग चोरों से नहीं, बल्कि एक आवारा कुत्ते से परेशान हैं. मामला इतना गंभीर बताया जा रहा है कि पुलिस को अब किसी अपराधी की नहीं, बल्कि उस कुत्ते की तलाश करनी पड़ रही है, जिसने इलाके में दहशत फैला रखी है. स्थानीय लोगों का दावा है कि एक ही दिन में करीब 130 से 150 लोगों को इस कुत्ते ने काट लिया. इनमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं.

मामला कल्याण पश्चिम के खड़कपाड़ा, आधारवाड़ी जेल, संदीप होटल और आस-पास के इलाकों का बताया जा रहा है. कुत्ते के लगातार हमलों की खबर फैलने के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोग सड़क पर निकलते समय सावधानी बरत रहे हैं, जबकि बच्चों को अकेले बाहर भेजने से भी परिजन बच रहे हैं.

---विज्ञापन---

अचानक राह चलते लोगों पर हमला

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, इलाके में आवारा कुत्तों के कई झुंड दिखाई देते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से एक कुत्ता लगातार लोगों को निशाना बना रहा है. आरोप है कि यह कुत्ता अचानक राह चलते लोगों के पीछे दौड़ता है और उन्हें काट लेता है.

रविवार को स्थिति और गंभीर होने का दावा किया जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सिर्फ एक दिन में करीब 130 लोगों को कुत्ते के काटने की घटनाएं सामने आईं. दूसरी ओर कुछ स्थानीय लोगों की ओर से यह संख्या करीब 150 तक बताई जा रही है. करीब 25 लोगों के अस्पताल में इलाज कराने की जानकारी सामने आई है.

---विज्ञापन---

कुत्ते के हमलों से सबसे ज्यादा चिंता बच्चों और बुजुर्गों को लेकर है. स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर सुबह-शाम टहलने निकलने वाले लोगों तक, हर कोई अब रास्ते में कुत्तों के झुंड देखकर सतर्क हो गया है.

अब पुलिस कर रही है ‘आवारा कुत्ते’ की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब पुलिस भी सक्रिय हो गई है. खड़कपाड़ा और महात्मा फुले पुलिस स्टेशन की टीमें इलाके में उस कुत्ते की तलाश कर रही हैं, जिस पर लगातार लोगों को काटने का आरोप है.

---विज्ञापन---

आमतौर पर पुलिस अपराधियों या चोरों की तलाश में सड़कों पर उतरती है, लेकिन कल्याण में हालात कुछ ऐसे बने हैं कि पुलिस की टीम एक आवारा कुत्ते को ढूंढने में जुटी है. पुलिस के साथ स्थानीय कॉरपोरेटर और उनके सहयोगी एक्टिविस्ट भी कुत्ते को पकड़ने की कोशिश में जुटे हुए हैं.

इलाके में कुत्ते की तलाश के दौरान यह चुनौती भी सामने आ रही है कि हमला करने वाला कुत्ता लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है. ऐसे में उसे पहचानना और सुरक्षित तरीके से पकड़ना प्रशासन के लिए आसान नहीं है.

---विज्ञापन---

इमरजेंसी टीम के नहीं पहुंचने पर नाराजगी

इस पूरे घटनाक्रम के बीच कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका की इमरजेंसी सर्विस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय कॉरपोरेटरों ने आरोप लगाया है कि घटना की जानकारी के बावजूद इमरजेंसी टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची. इसे लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई है.

नागरिकों का कहना है कि आवारा पशुओं के प्रति संवेदनशीलता जरूरी है और उनके साथ किसी तरह की क्रूरता नहीं होनी चाहिए. लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं हो सकता कि लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर दिया जाए. अगर किसी इलाके में लगातार लोगों पर कुत्तों के हमले हो रहे हैं, तो संबंधित विभागों को समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए.

---विज्ञापन---

इतने हमलों के बाद भी इंतजार क्यों? लोगों ने उठाए सवाल

एक ही दिन में 130 से 150 लोगों के कुत्ते के काटने के दावे ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि अगर एक कुत्ता लगातार लोगों पर हमला कर रहा है और बड़ी संख्या में लोग घायल हो रहे हैं, तो उसे पकड़ने और इलाके को सुरक्षित बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए.

फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रतिनिधि उस आवारा कुत्ते की तलाश में जुटे हैं. घायल लोगों का इलाज जारी है और इलाके के लोगों की नजर अब इस बात पर है कि प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक निकालता है.

---विज्ञापन---

First published on: Aug 10, 2026 11:36 AM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola