महाराष्ट्र के सोलापुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां 22 साल की एक ट्रांसजेंडर ने कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अभिजीत हरिबा नागटिलक उर्फ कोमल के रूप में हुई है.
शुगर फैक्ट्री के पास श्मशान में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर को एक शुगर फैक्ट्री के पास स्थित श्मशान घाट में अभिजीत का शव मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
8 दिन से चल रहा था विवाद, पार्टनर पर आरोप
मृतक के साथियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अभिजीत पिछले 8 दिनों से अपने कथित पार्टनर के साथ चल रहे विवाद और मानसिक उत्पीड़न से परेशान थी. रिलेशनशिप को लेकर लगातार झगड़ा हो रहा था, जिससे वह काफी तनाव में थी. साथियों ने पुलिस से मांग की है कि इस मामले में वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल सबूतों की गहनता से जांच की जाए.
संगठन ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मामले को लेकर ‘माहिती अधिकार कार्यकर्ता महासंघ’ ने भी पुलिस से विस्तृत जांच की मांग की है. संगठन का कहना है कि मौत के असली कारणों का पता लगाया जाना चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. फिलहाल पुलिस ने साथियों के आरोपों की पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है. मौत के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है.