सावरकर मामले में संजय राउत ने सोनिया और राहुल गांधी से की मुलाकात, बोले- 'अब कोई मनमुटाव नहीं, सब कुछ ठीक है'

Sanjay Raut, Shivsena UBT, Sonia Gandhi, Rahul Gandhi, VD Savarkar

फाइल फोटो।

VD Savarkar Remarks: शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने बुधवार को कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात राहुल गांधी के सावरकर पर दिए बयान को लेकर थी। बैठक के बाद संजय राउत ने ट्वीट किया कि सावरकर के अपमान का मामला सुलझा लिया गया है। अब कोई मनमुटाव नहीं है।

संजय राउत ने मंगलवार को ही ऐलान किया था कि वे राहुल गांधी से मिलकर बात करेंगे। बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में मीटिंग के बाद उन्होंने ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी से आज मुलाकात हुई। कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी हुई। सब कुछ ठीक है। चिंता की कोई बात नहीं है।

कांग्रेस की दो अहम बैठकों का किया था बहिष्कार

कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को अपने आवास पर दिल्ली में समान विचारधारा वाले दलों के नेताओं को डिनर पर बुलाया था। लेकिन उद्धव ठाकरे ने डिनर पार्टी में जाने से इंकार कर दिया था। मंगलवार को संसद में विपक्षी दलों के साथ कांग्रेस ने की मीटिंग की, उसमें भी शिवसेना (यूबीटी) से कोई सांसद नहीं पहुंचा था।

https://twitter.com/rautsanjay61/status/1640982766400536577?s=20

संजय राउत ने दो दिन लगातार कांग्रेस को घेरा

संजय राउत ने राहुल गांधी के बयान के बाद दो दिन लगातार कांग्रेस को घेरा। 27 मार्च को संजय राउत ने कहा कि वीर सावरकर हमारे और देश के लिए श्रद्धा का विषय हैं। अंदमान में 14 साल तक काला पानी की सजा आसान नहीं है। ऐसी टिप्पणी पर महाराष्ट्र की जनता करारा जवाब दे सकती है। हम आपके साथ हैं लेकिन वीर सावरकर हमारे प्रेरणास्रोत हैं।

इसके बाद 28 मार्च को राउत ने कहा कि वीर सावरकर को लेकर उन्हें टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। वह एक स्वतंत्रता सेनानी, क्रांतिकारी नेता थे और उनको लेकर हमारे दिल में सम्मान की भावना है। खड़गे साहब ने जो बैठक बुलाई थी उसमें हम नहीं जा सके। आज भी विपक्ष की बैठक बुलाई गई, हम वहां भी नहीं जा सके।

राहुल ने कहा था- मैं सावरकर नहीं जो माफी मांग लूं

दरअसल, 23 मार्च को राहुल गांधी को सूरत की कोर्ट ने मानहानि केस में दो साल की सजा सुनाई। 24 मार्च को राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य कर दिया गया था। 25 मार्च को राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि मैं राहुल गांधी हूं सावरकर नहीं जो माफी मांग लूं।

राहुल के इस बयान के बाद शिवसेना (यूबीटी) नाराज हो गई थी। उद्धव ठाकरे ने भी बयान दिया। कहा कि सावरकर उनके लिए महान और आदर्श हैं। उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ठाकरे ने महाराष्ट्र में महाअघाड़ी से भी से अलग होने का संकेत दे दिया था।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ