---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

कुंभ की तैयारी में सड़क बनी आफत! नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग पर कीचड़ में फिसलने से कई घायल

सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के बीच नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग पर कीचड़ और मिट्टी जमा होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है. शनिवार को सड़क पर फिसलने से करीब 50 से 60 लोगों के घायल होने की सूचना है. पढ़ें नासिक से मंगल भारत घनदाट की रिपोर्ट

---विज्ञापन---

सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के नाम पर नासिक में बड़े पैमाने पर विकास कार्य चल रहे हैं, लेकिन नासिक-त्र्यंबकेश्वर मार्ग की तस्वीर इन दावों पर सवाल खड़े कर रही है. नई सीमेंट सड़क पर जमा मिट्टी और कीचड़ ने पूरे दिन वाहन चालकों के लिए रास्ता मुश्किल बना दिया. सुबह से शाम तक करीब 50 से 60 लोगों के फिसलकर घायल होने की सूचना है. श्रावण महीने और छुट्टियों के चलते त्र्यंबकेश्वर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. ऐसे में जिस सड़क से रोजाना हजारों लोग गुजर रहे हैं, वही सड़क कीचड़ के कारण हादसों का रास्ता बन गई. खासकर दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरते नजर आए.

स्थानीय लोगों का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुंभ की तैयारियों के नाम पर सड़क का काम जल्दबाजी और खस्ताहाल गुणवत्ता के साथ किया जा रहा है. लोगों का ये भी कहना है कि सीमेंट सड़क पर मिट्टी और कीचड़ जमा होने के बावजूद इसकी समय पर सफाई नहीं कराई गई. नतीजा यह रहा कि शनिवार को दिनभर सड़क पर एक के बाद एक वाहन फिसलते रहे और लोग हादसों का शिकार होते रहे. सवाल यह है कि जब सिंहस्थ कुंभ को लेकर सरकार और प्रशासन बड़े-बड़े विकास कार्यों की तैयारी में जुटे हैं, तो श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा का यह हाल क्यों है?

---विज्ञापन---

नागरिकों की मांग

जिस सड़क को सुविधा और बेहतर यातायात का जरिया बनना था, वही लोगों के लिए खतरे का रास्ता क्यों बन गई? नागरिकों की मांग है कि सड़क से तत्काल मिट्टी और कीचड़ हटाया जाए, यातायात को सुरक्षित बनाया जाए और सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की जाए. विकास के नाम पर सड़क तो बन रही है, लेकिन अगर उसी सड़क पर लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं, तो सवाल सिर्फ सड़क का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का भी है. आखिर प्रशासन कितने हादसों के बाद जागेगा?

First published on: Aug 15, 2026 11:04 PM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola