राज-उद्धव की बढ़ती नजदीकियों से असमंजस में कांग्रेस, MNS के रुख पर संजय राऊत का बड़ा बयान

महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ गई है क्योंकि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की नजदीकियां नई सियासी दिशा की ओर इशारा कर रही हैं. एक हफ्ते में यह दूसरी बार है जब राज ठाकरे मातोश्री पहुंचे, जिससे एमएनएस और शिवसेना (यूबीटी) के संभावित गठबंधन की चर्चाएं तेज हो गई हैं. संजय राऊत ने बताया कि राज ठाकरे अब महा विकास आघाड़ी में कांग्रेस की मौजूदगी के पक्ष में हैं.

UBT-MNS

UBT-MNS में हो सकता है गठबंधन

महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की बढ़ती नजदीकियों से कांग्रेस असमंजस में है. पिछले एक हफ्ते में ये दूसरी बार है जब राज ठाकरे मातोश्री पहुंचे हैं और अब चर्चा है कि दोनों के बीच गठबंधन लगभग तय माना जा रहा है लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि अब राज ठाकरे का रुख कांग्रेस को लेकर भी बदलता नजर आ रहा है.

राज ठाकरे एक बार फिर पूरे परिवार के साथ मातोश्री पहुंचे. यह एक हफ्ते में दूसरी मुलाकात थी. इससे पहले राज ठाकरे , अपने भाई उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर भी बधाई देने पहुंचे थे. जब से एमएनएस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के बीच गठबंधन की चर्चाएं शुरू हुई हैं तब से दोनों नेताओं के बीच अब तक सात बार मुलाकात हो चुकी है.

शिवसेना यूबीटी नेता संजय राऊत ने कहा है कि राज ठाकरे खुद चाहते हैं कि महाविकास आघाड़ी में कांग्रेस रहे यानी वो कांग्रेस को साथ लेकर चलने के पक्ष में हैं जबकि इससे पहले राज ठाकरे, कांग्रेस की मौजूदगी की वजह से एमवीए में शामिल होने से इंकार कर चुके थे. अब इसी बदलते सियासी समीकरण पर कांग्रेस मंथन में जुटी है. कांग्रेस फिलहाल वेट एंड वॉच की रणनीति पर है.

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का कहना है कि अगर राज ठाकरे खुले तौर पर उद्धव ठाकरे के साथ आते हैं तभी एमवीए और इंडिया गठबंधन में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी. 14 अक्टूबर को महा विकास आघाड़ी के नेता महाराष्ट्र चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे हैं और उनके साथ राज ठाकरे भी शामिल होंगे. ऐसे में सवाल ये है कि क्या राज ठाकरे का दिल अब पूरी तरह बदल गया है? क्या उद्धव ठाकरे के साथ-साथ अब कांग्रेस के साथ भी कदम मिलाने को तैयार हैं राज ठाकरे?

यह भी पढ़ें: बीड के गुरुकुल में गुंडागर्दी! 11 विद्यार्थियों की डंडे और बेल्ट से पिटाई, चालक के पिता पर भी जान लेवा हमला

महाराष्ट्र की सियासत में आने वाले दिनों में तस्वीर साफ होगी लेकिन असमंजस कांग्रेस की बढ़ी हुई है कि क्या राज ठाकरे को महा विकास आघाड़ी में लेना चाहिए या नहीं और अगर लिया जाता है तो कहीं उत्तर भारत में पार्टी को इसका नुकसान न उठाना पड़ा.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ