Rahul Pandey
Read More
---विज्ञापन---
महाराष्ट्र की राजनीति में ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. सोशल मीडिया पोस्ट पर महाराष्ट्र कांग्रेस द्वारा राज्य की महिला उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहे जाने के बाद महाराष्ट्र की सियासत में बयानबाजी का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है. इस बयान के बाद महायुति में शामिल एनसीपी (अजित पवार गुट) ने कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लिया है. कांग्रेस के इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
महाराष्ट्र कांग्रेस ने हाल ही में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस और बीड दौरे का जिक्र करते हुए सवाल उठाया. दरअसल, सुनेत्रा पवार बीड जिले के दौरे के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थीं. उसी दौरान एक पत्रकार ने बीड जिले की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल किया. इसके बाद एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेता धनंजय मुंडे ने पत्रकार को सवाल पूछने से रोका और सुनेत्रा पवार बिना कोई जवाब दिए वहां से चली गईं. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की क्लिप को शेयर करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस ने फेसबुक पोस्ट पर सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहा. कांग्रेस ने लिखा कि आखिर वह कब तक “गूंगी गुड़िया” बनी रहेंगी. कांग्रेस का आरोप था कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर उपमुख्यमंत्री की ओर से स्पष्ट और प्रभावी प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिल रही है.
कांग्रेस की इस टिप्पणी पर अजित पवार गुट की NCP ने तीखी प्रतिक्रिया दी. पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक मर्यादा और संस्कृति से भटक चुकी है. उनका कहना है कि किसी महिला नेता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना न केवल अनुचित है, बल्कि महिलाओं के प्रति कांग्रेस की सोच को भी उजागर करता है. एनसीपी (अजित पवार गुट) के नेता धनंजय मुंडे ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की एक महिला के प्रति द्वेष की भावना को दिखाता है और कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में पूर्व डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, एक्ट्रेस तृषा पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
NCP नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करने की बजाय उनका अपमान कर रही है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक राजनीति की गरिमा के अनुरूप नहीं है.
NCP नेताओं ने महाराष्ट्र कांग्रेस के नेतृत्व पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि राज्य कांग्रेस का नेतृत्व “गलत हाथों” में चला गया है, जिसके कारण पार्टी के नेताओं की भाषा और राजनीतिक स्तर लगातार गिरता जा रहा है. उन्होंने कांग्रेस से इस तरह की बयानबाजी से बचने और राजनीतिक शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की.
इस विवाद के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP के बीच राजनीतिक तनातनी और बढ़ गई है. दोनों दल एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगा रहे हैं. आने वाले दिनों में यह मुद्दा राज्य की राजनीति में और अधिक गर्मा सकता है, क्योंकि दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम नजर आ रहे हैं. “गूंगी गुड़िया” टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक मर्यादा, महिला सम्मान और विपक्ष-सरकार के बीच जुबानी जंग का बड़ा मुद्दा बन गया है. यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में यह सियासी विवाद किस दिशा में आगे बढ़ता है और क्या दोनों दल इस मुद्दे पर अपनी बयानबाजी को और तेज करते हैं.
न्यूज 24 पर पढ़ें मुंबई, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।