---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

Instagram पर ढूंढा पिकनिक स्पॉट बना मौत की वजह, महाराष्ट्र का घातखेड़ा तालाब कैसे बना 4 बच्चों का काल?

डब्बा पार्टी, सेल्फी और सोशल मीडिया पर मिला ‘डेस्टिनेशन’, लेकिन कुछ ही मिनटों में खुशियां मातम में बदल गईं। मदर्स डे के दिन अमरावती में हुए इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट।

---विज्ञापन---

महाराष्ट्र के अमरावती के खोलापुरी गेट इलाके से रविवार को निकले 10 लोगों ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि इंस्टाग्राम पर खोजा गया एक खूबसूरत पिकनिक स्पॉट उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। मार्डी रोड स्थित गोडे कॉलेज के सामने घातखेड़ा तालाब परिसर में डब्बा पार्टी मनाने पहुंचे दोस्तों के इस ग्रुप में से 4 बच्चों की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान सोनाली नरेंद्र जोशी (16), मानव उर्फ आदित्य नरेंद्र जोशी (12), पायल बबलू पंडित (21) और यश गजानन काकणे (13) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर नरेंद्र सहदेव जोशी अपने ऑटो रिक्शा से बच्चों को तालाब परिसर में छोड़कर गए थे। सभी ने तालाब किनारे बैठकर डब्बा पार्टी की, हंसी-मजाक हुआ, मोबाइल कैमरों में तस्वीरें कैद की गईं और फिर शुरू हुआ सेल्फी और वीडियो बनाने का दौर। लेकिन कुछ ही पलों में यह खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं।

---विज्ञापन---

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे एक युवती को छोड़कर बाकी नौ युवक-युवतियां तालाब में उतर गए। इसी दौरान 12 वर्षीय आदित्य जोशी तालाब के दलदली हिस्से में फंस गया और देखते ही देखते पानी में डूबने लगा। छोटे भाई को बचाने के लिए उसकी बहन सोनाली बिना कुछ सोचे पानी में कूद पड़ी। उसके पीछे रिश्तेदार पायल पंडित और यश काकणे भी मदद के लिए तालाब में उतर गए। लेकिन तालाब की गहराई, फिसलन और कीचड़ ने चारों को अपनी चपेट में ले लिया। मदद की कोशिश करते-करते चारों बच्चे एक-एक कर पानी में समा गए। किनारे पर मौजूद बाकी दोस्त मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग, फ्रेजरपुरा पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। एक स्थानीय युवक में बहादुरी दिखाते हुए लकड़ी के सहारे आचल नाम की लड़की को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया।

---विज्ञापन---

शवो को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुचाया गया, अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान जो मंजर था, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मदर्स डे के दिन चार मासूम बच्चों की मौत ने पूरे अमरावती को गहरे सदमे में डाल दिया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल ‘हिडन स्पॉट्स’ और असुरक्षित जलाशयों में पिकनिक मनाने के खतरों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

First published on: May 11, 2026 12:24 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola