---विज्ञापन---

मुंबई angle-right

NEET UG Re-Exam: NTA की बड़ी लापरवाही! अभ्यर्थी नागपुर का, परीक्षा केंद्र अबुधाबी में

Nagpur Student Abu Dhabi Center: महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. NEET-UG री-एग्जाम देने जा रहे एक छात्र के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया. इससे छात्र और उसका परिवार सदमे में है. अब परिवार ने परीक्षा केंद्र नागपुर में दिए जाने की मांग की है.

---विज्ञापन---

Nagpur Student Abu Dhabi Center: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक छात्र के भविष्य को दांव पर लगा दिया है. यहां 21 जून को होने वाली NEET-UG की री-एग्जाम देने जा रहे एक छात्र के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र नागपुर या भारत के किसी शहर के बजाय सीधे सात समंदर पार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में अलॉट कर दिया गया है. एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र का पता देखकर छात्र और उसका पूरा परिवार गहरे सदमे में है.

आवेदन में चुने थे भारत के शहर, मिला विदेश का सेंटर

नागपुर के रहने वाले NEET अभ्यर्थी अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे जब उन्होंने बेटे का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उनके होश उड़ गए. एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र अबू धाबी का एक स्कूल लिखा हुआ था. पिता का कहना है कि फॉर्म भरने के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के लिए केवल तीन जिलों के विकल्प दिए थे, जिसमें विदेश का कोई जिक्र ही नहीं था. सबसे बड़ी बात यह है कि छात्र अब्दुल्ला के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में इतनी जल्दी विदेश जाकर परीक्षा देना किसी भी तरह संभव नहीं है.

---विज्ञापन---

मानसिक तनाव में छात्र, मां ने संभाला

इस बड़ी लापरवाही का छात्र के दिमाग पर बहुत बुरा असर पड़ा है. पिता के मुताबिक, इस घटना से उनका बेटा मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया है. वह इतना आहत हुआ कि उसने परीक्षा में बैठने से ही इनकार कर दिया था. बाद में उसकी मां ने समझा-बुझाकर उसे शांत किया. परिवार का कहना है कि यदि उनका बेटा मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार हो पाया, तभी वह परीक्षा में शामिल होगा.

शनिवार शाम तक सुधार का आश्वासन

गड़बड़ी सामने आने के बाद परिवार ने तुरंत NEET की हेल्पलाइन पर संपर्क किया. वहां से मिले निर्देश के बाद परिवार ने ई-मेल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज कराई. ई-मेल भेजने के बाद अधिकारियों का फोन आया और आश्वासन दिया गया कि शनिवार शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा. अब परीक्षा में बहुत कम समय बचा है, इसलिए परिवार की मांग है कि छात्र का परीक्षा केंद्र नागपुर ही बनाया जाए, क्योंकि इस समय किसी दूसरे जिले में जाना भी मुश्किल होगा. अब देखना होगा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) समय रहते यह गलती सुधार पाती है या नहीं.

---विज्ञापन---

NTA ने कहा- कुछ ही घंटों में नागपुर में मिलेगा सेंटर

मामला बढ़ने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए जानकारी दी है कि छात्र की इस शिकायत पर काम किया जा रहा है। NTA के अनुसार, जरूरी वेरिफिकेशन (जांच) प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले कुछ ही घंटों के भीतर अभ्यर्थी अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र अलॉट कर दिया जाएगा।

First published on: Jun 20, 2026 11:23 AM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola