Maharashtra Politics On CM Face : महाराष्ट्र में कौन मुख्यमंत्री बनेगा? इसे लेकर महायुति में अभी भी सस्पेंस बरकरार है। इसे लेकर एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि सीएम पद पर पीएम मोदी और अमित शाह जो भी फैसला लेंगे, उन्हें मंजूर होगा। उनके इस बयान से यह तय हो गया कि वे सीएम की रेस से पीछे हट गए। एकनाथ शिंदे के बयान के बाद अब देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई।
भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि महायुति गठबंधन में कभी भी एक-दूसरे के प्रति मतभेद नहीं रहा। महायुति के घटक दलों के सभी नेताओं ने हमेशा मिल बैठकर फैसला लिए हैं और चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि चुनाव के बाद सभी नेता मुख्यमंत्री पद के बारे में सामूहिक रूप से निर्णय लेंगे।
शिंदे ने दूर की सबकी शंका
उन्होंने आगे कहा कि सीएम फेस को लेकर कुछ लोगों को संदेश था, जिसे एकनाथ शिंदे ने आज दूर कर दिया। उनके बयान से सबकी शंका दूर हो गई। वे जल्द ही अपने नेताओं से मिलेंगे और निर्णय लेंगे। महाराष्ट्र के कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे के बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के बारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता जो भी निर्णय लेंगे, उनके उम्मीदवार को शिवसेना पूरी तरह से समर्थन देगी।
जानें एकनाथ शिंदे ने क्या दिए संकेत?
आपको बता दें कि एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्हें सीएम पद की कोई लालसा नहीं है। उनकी ओर से महायुति सरकार बनाने में कोई अड़चन नहीं आएगी। उनका पूरा सहयोग रहेगा। उनके इस बयान से साफ हो गया कि अब बीजेपी की ओर से कोई महाराष्ट्र का सीएम बनेगा, लेकिन इस दौरान उन्होंने देवेंद्र फडणवीस का नाम नहीं लिया। हालांकि, देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। इसे लेकर बीजेपी हाईकमान अंतिम फैसला लेगा।