Maharashtra MLC Election Results 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों में BJP और महायुति गठबंधन ने एकतरफा जीत हासिल कर विपक्ष का पूरी तरह सफाया कर दिया है. कुल 17 एमएलसी सीटों में से 16 सीटों पर महायुति ने परचम लहराया है, जबकि विपक्ष यानी महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी और शरद पवार की एनसीपी) का खाता तक नहीं खुल सका. इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर नासिक सीट पर देखने को मिला, जहां बीजेपी के एक बागी उम्मीदवार गोकुल गीते ने निर्दलीय चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया.

बीजेपी बनी सबसे बड़ी पार्टी, 10 सीटों पर जमाया कब्जा

चुनाव परिणामों में बीजेपी एक बार फिर राज्य में सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है. कुल 17 सीटों में से 6 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे, जबकि बाकी 11 सीटों पर हुए मतदान के नतीजे भी अब साफ हो चुके हैं. पूरी दलगत स्थिति इस प्रकार है:

---विज्ञापन---

बीजेपी: 10 सीटें
शिवसेना (शिंदे गुट): 3 सीटें
एनसीपी (अजित पवार गुट): 2 सीटें
निर्दलीय (गोकुल गीते): 1 सीट

---विज्ञापन---

नासिक में बगावत ने बिगाड़ा शिंदे गुट का खेल

इस चुनाव का सबसे बड़ा सरप्राइज नासिक सीट रही, जिसने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट को बड़ा झटका दिया है. यहां बीजेपी के बागी नेता गोकुल गीते ने निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए महायुति समर्थित और शिंदे गुट के उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को करारी शिकस्त दी. गोकुल गीते ने पहले ही दौर की मतगणना में 357 वोट हासिल कर जीत का कोटा (303 वोट) पार कर लिया, जबकि नरेंद्र दराडे को महज 248 वोट मिले. तीसरे उम्मीदवार प्रसाद हिरे को एक भी वोट नहीं मिला. गोकुल गीते ने पहले ही राउंड में जीत का कोटा पूरा कर लिया, इसलिए दूसरे राउंड की मतगणना की जरूरत नहीं पड़ी. इस जीत को शिंदे गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

---विज्ञापन---

नागपुर और अमरावती में कांग्रेस की करारी हार

बीजेपी ने कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में भी बड़ी सेंध लगाई है. नागपुर सीट पर बीजेपी के डॉ. राजीव पोतदार ने कांग्रेस उम्मीदवार को 682 वोटों के भारी अंतर से हराया, जहां कांग्रेस को सिर्फ 130 वोट मिले. वहीं अमरावती सीट पर बीजेपी के प्रवीण पोटे पाटिल ने लगातार तीसरी बार जीत का रिकॉर्ड बनाया. बेहद चौंकाने वाली बात यह रही कि अमरावती में कांग्रेस उम्मीदवार हर्षजीत देशमुख को एक भी वोट नसीब नहीं हुआ.

---विज्ञापन---

पूरी विजेता सूची

  • परभणी-हिंगोली — सईद खान (शिवसेना)
  • सोलापुर — राजेंद्र राऊत (बीजेपी)
  • धाराशिव-लातूर-बीड — बसवराज पाटिल (बीजेपी)
  • नागपुर — डॉ. राजीव पोतदार (बीजेपी)
  • जलगांव — नंदकिशोर महाजन (बीजेपी)
  • अमरावती — प्रवीण पोटे पाटिल (बीजेपी)
  • नांदेड़ — अमर राजुरकर (बीजेपी)
  • ठाणे — रवींद्र फाटक (शिवसेना, निर्विरोध)
  • यवतमाल — दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना, निर्विरोध)
  • रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग — अनिकेत तटकरे (एनसीपी, निर्विरोध)
  • पुणे — विक्रम काकड़े (एनसीपी, निर्विरोध)
  • वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर — अरुण लखानी (बीजेपी, निर्विरोध)
  • अहिल्यानगर — प्राजक्त तनपुरे (बीजेपी, निर्विरोध)
  • छत्रपति संभाजीनगर-जालना — सुहास शिरसाट (बीजेपी)
  • नासिक — गोकुल गीते (निर्दलीय)
  • भंडारा-गोंदिया — अविनाश ब्राह्मणकर (बीजेपी)
  • सांगली-सातारा — धैर्यशील कदम (बीजेपी)

सांगली-सातारा और धाराशिव में भी बीजेपी की हुंकार

सांगली-सातारा सीट पर बीजेपी के धैर्यशील कदम ने शरद पवार गुट के अभयसिंह जगताप को 301 वोटों से शिकस्त दी. उधर, धाराशिव-लातूर-बीड स्थानीय प्राधिकारी सीट पर बीजेपी के बसवराज पाटिल ने 845 वोट पाकर प्रभावशाली जीत दर्ज की.

---विज्ञापन---

निर्विरोध चुने गए दिग्गज

6 सीटों पर मुकाबला पहले ही तय हो चुका था. इनमें ठाणे से रवींद्र फाटक (शिवसेना), यवतमाल से दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना), रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से अनिकेत तटकरे (एनसीपी), पुणे से विक्रम काकड़े (एनसीपी), वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर से अरुण लखानी (बीजेपी) और अहिल्यानगर से प्राजक्त तनपुरे (बीजेपी) निर्विरोध निर्वाचित हुए.

इन नतीजों ने साफ कर दिया है कि महाराष्ट्र की स्थानीय राजनीति में बीजेपी की पकड़ अभी भी मजबूत बनी हुई है. हालांकि नासिक में निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते की जीत ने यह भी दिखाया कि बगावत और स्थानीय समीकरण बड़े राजनीतिक दलों के लिए चुनौती बन सकते हैं. उधर कांग्रेस, उद्धव ठाकरे गुट और शरद पवार गुट को कई सीटों पर निराशा हाथ लगी है. अब इन चुनावी नतीजों को आगामी स्थानीय निकाय चुनाव और विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा संकेत माना जा रहा है.