एकनाथ शिंदे का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- खटाखट कहने वालों ने चवन्नी भी नहीं दी, हमने पटा पट पैसा दिया

Maharashtra Election News: महाराष्ट्र के सीएम ने कहा कि लाडली बहना योजना का नवबंर का पैसा बैंक अकाउंट में डाला चुका है। नवंबर में दिसंबर महीने का पैसा दिया जाएगा और पूरे साल के लिए सरकार ने बजट का प्रावधान कर रखा है।

CM eknath shinde

एकनाथ शिंदे ने कहा कि लाडली बहना योजना के लिए पैसे की कमी नहीं होगी। फाइल फोटो

Maharashtra Election News: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर महाराष्ट्र के सीएम और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने पलटवार किया है। दरअसल कर्नाटक के एक कार्यक्रम में खरगे ने अपने नेताओं से कहा था कि जनता से वही वादे करिए जो आप पूरे कर सकें। इसी पर पलटवार करते हुए शिंदे ने कहा कि कुछ नेताओं ने जनता से खटा खट पैसे देने का वादा किया था, लेकिन एक रुपया भी नहीं दिया, लेकिन महाराष्ट्र की सरकार ने लोगों के बैंक अकाउंट में पट पटा पट पैसे डाले हैं।

महाराष्ट्र के सीएम ने कहा कि कांग्रेस का इरादा लोगों को पैसा देने का नहीं है, वे सिर्फ लोगों से पैसा लेना जानते हैं। शिंदे ने कहा कि खरगे सही कह रहे हैं, उनका इरादा देने का नहीं है। वे जानते ही नहीं है कि देना कैसे है। वे सिर्फ इतना जानते हैं कि लेना कैसे है।

‘पीएम का भेजा एक रुपया सीधे खाते में जाता है’

सीएम शिंदे ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक रुपया देते हैं तो डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसा सीधे लोगों के बैंक अकाउंट में जाता है। लेकिन कांग्रेस अभी ये सीख नहीं पाई है कि जनता की मदद कैसे करना है। महायुति आरबीआई और केंद्र सरकार की गाइडलाइंस का पालन करती है। हम जीडीपी का 25 फीसदी लोन ले सकते हैं। हमारा लोन जीडीपी का 17.5 प्रतिशत है और वित्तीय जवाबदेही और बजट प्रबंधन एक्ट के प्रावधानों के 3 प्रतिशत के दायरे में है। हमने हर गाइडलाइन का पालन किया है और किसी भी चीज का उल्लंघन नहीं किया है।

‘उन्हें लगता था कि हम कठपुतलियां हैं’

उन्होंने कहा कि लाडली बहन योजना को कोई रोक नहीं सकता है। हमने इसके लिए पूरे साल का बजट अलग से रखा है। शिंदे ने कर्नाटक, हिमाचल और तेलंगाना का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इसका अंदाजा नहीं था। उन्हें लगता था कि हम सिर्फ कठपुतलियां हैं। उन्हें पता नहीं था कि हम इतनी बड़ी स्कीम चला सकते हैं और विकास को आगे ले जा सकते हैं। इंडस्ट्री को आज हम पर भरोसा है। हमारी सरकार लोगों के लिए काम कर रही है।

उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली अघाड़ी सरकार पर हमला बोलते हुए शिंदे ने कहा कि पिछली सरकार सिर्फ अपने लिए काम कर रही थी। वे अपने लिए प्रॉपर्टी बना रहे थे, अपने फायदे के लिए काम कर रहे थे। उनके कुछ नेता कहते थे कि खटा खट खटा खट… लेकिन लोगों को एक रुपया नहीं दिया। हमारी सरकार ने लोगों के बैंक अकाउंट में पट पटा पट पैसे डाले हैं।

‘महाराष्ट्र में हारेगा महा विकास अघाड़ी’

इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को चेताते हुए कहा था कि बजट के हिसाब से ही कोई भी घोषणा करें। वहीं सीएम शिंदे ने कहा कि नवंबर महीने के लिए लाडली बहन योजना का पैसा अक्तूबर में ही भेजा चुका है। उन्होंने दावा किया आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की अगुवाई वाला गठबंधन हारने जा रहा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ