Maharashtra Chunav 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इससे पहले देर रात शिवसेना शिंदे गुट ने 15 प्रत्याशियों की सूची जारी की। इस लिस्ट में चैंकाने वाला नाम रहा शाइना एनसी का। शाइना एनसी को शिवसेना शिंदे गुट ने मुंबादेवी सीट से टिकट दिया है। इसके बाद सीएम एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में वह शिवसेना में शामिल हो गईं। बता दें कि मुंबादेवी सीट 2009 से कांग्रेस के पास है। यहां से कांग्रेस के अमीन पटेल विधायक हैं।
शिवसेना में शामिल होने के बाद शाइना एनसी ने कहा कि मैं पीएम नरेंद्र मोदी और महायुति के नेतृत्व एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को धन्यवाद देना चाहती हूं। मेरा मानना है कि यह मेरे लिए मुंबई वालों की सेना करने और दिखाने का मौका है कि हम यहां हर क्षेत्र में प्रधान सेवक के तौर पर हैं। मैं बचपन से साउथ मुंबई में रही हूं और मुझे अहसास है कि यहां के लोगों को किस तरह की चुनौतियों से जुझना पड़ता है। मैं यहां के विकास के लिए कमिटेड हूं।
मैं विधायक नहीं बनना चाहती- शाइना एनसी
शाइना एनसी ने कहा मैं सिर्फ विधायक नहीं बनना चाहती हूं बल्कि मैं लोगों की आवाज बनना चाहती हूं। मेरा यह मानना है कि यह प्रशासन, कानून और जनता की अपनी समझ है, जिसे और अच्छे से दिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेरा कोई पीए नहीं है, मैं उनकी सभी काॅल्स का जवाब खुद देती हूं। मैं अपने लोगों के लिए हमेशा जवाबदेह रहूंगी।
पहले इस सीट से थी दावेदार
इससे पहले खबर थी कि बीजेपी की ओर से शाइना को वर्ली सीट आदित्य ठाकरे के सामने टिकट मिल सकता है। शिवसेना शिंदे गुट ने यहां से मिलिंद देवड़ा को प्रत्याशी बनाया गया है। वर्ली सीट पर इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है क्योंकि यहां से मनसे ने संदीप देशपांडे को मौका दिया है।