Maharashtra Chunav 2024: महाराष्ट्र चुनाव 2024 में आज प्रचार का आखिरी दिन है। सियासी दलों के नेता लगातार एक-दूसरे पर पलटवार कर रहे हैं। इस बीच सपा प्रत्याशी अबू आजमी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा जो कभी हमारे टुकड़ों पर पला करते थे, आज हमारे लड़ने आ गए हैं। उन्होंने ये बात अजित पवार की पार्टी के प्रत्याशी नवाब मलिक को लेकर कही है। अबू आजमी मानखुर्द शिवाजीनगर सीट से 3 बार के विधायक हैं। इस बार उनका मुकाबला नवाब मलिक से होना है।
अबू आजमी अपने विधानसभा क्षेत्र में रविवार को एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महायुति सरकार और एनसीपी के अजित पवार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नवाब मलिक के लिए कहा कि मेरे टूकड़ों पर पलने वाले अब मेरे खिलाफ लड़ रहे हैं। जो हमेशा नशे के मामले में अपने दामाद को बचाता रहा, अब वह नशा खत्म करने की बात कह रहा है। उन्होंने आगे कहा कि कहां राजा भोज और कहां गंगू तेली।
नवाब मलिक ने सपा से शुरू किया था करियर
सपा प्रत्याशी ने कहा कि अगर महाराष्ट्र पुलिस उन्हें 10 दिन का समय देती है तो वे नशा बंद करवा सकते हैं। बता दें नवाब मलिक ने सपा से अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 1996 में अबू आजमी के नेतृत्व में उन्होंने नेहरू नगर सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद 2001 में सपा ने नवाब मलिक को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद वे शरद पवार की एनसीपी में शामिल हो गए। वे 2009 और 2019 के चुनाव में अणुशक्ति नगर सीट से चुनाव जीत कर विधायक बने थे।
नवाब मलिक की बेटी भी मैदान में
अणुशक्ति नगर सीट से नवाब मलिक की जगह इस बार उनकी बेटी सना मलिक चुनाव लड़ रही है। जबकि वे स्वयं एनसीपी के टिकट पर शिवाजी नगर सीट से मैदान में हैं। प्रदेश में 288 सीटों पर एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है, जबकि नतीजे 23 नवंबर को जारी होंगे।