जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों को गोलियों से भून दिया। इस आतंकी हमले की वजह से बहुत से परिवार उजड़ गए। हमले में मरने वालों की जानकारियां सामने आ रही हैं। हमले में मरने वालों में तीन लोगों का नाम और शामिल हो गया है। जानकारी के मुताबिक, डोंबिवली के तीन पर्यटक, जो कि मौसेरे भाई थे, उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। ये तीनों मृतक डोंबिवली पूर्व-पश्चिम शहर के नवापाड़ा, पांडुरंग वाड़ी और नांदिवली इलाके में रहते थे, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
तीन मौसेरे भाइयों की मौत
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर कायराना हमला किया। आतंकवादियों की गोलीबारी में 26 पर्यटकों की मौत हो गई है। इनमें महाराष्ट्र के पर्यटक भी शामिल हैं। पुणे के बाद अब डोंबिवली के 3 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। पहलगाम में हुए इस आतंकवादी हमले में डोंबिवली पूर्व-पश्चिम शहर के नवापाड़ा, पांडुरंग वाड़ी और नांदिवली इलाके में रहने वाले 3 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में हेमंत जोशी, संजय लेले और अतुल मोने का नाम शामिल है।
ये तीनों अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। पहलगाम में आतंकवादियों की गोलीबारी में तीनों घायल हो गए थे। इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, ये तीनों मौसेरे भाई थे।
इस हमले में करनाल के सेक्टर-7 के रहने वाले विनय नरवाल की भी मौत हो गई। वह 2 साल पहले नेवी में भर्ती हुए थे। उनकी शादी 16 अप्रैल 2025 में हुई थी। हमले के बाद की विनय की तस्वीर काफी वायरल हो रही है, जिसमें उनकी पत्नी उनके पास बैठी नजर आ रही हैं। इस कायराना हमले की कई दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। साथ ही ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें बच्चे अपने परिवार के साथ जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।