महाराष्ट्र सरकार के 150-दिवसीय कार्यक्रम में गृहनिर्माण क्षेत्र का दबदबा, SRA दूसरे नंबर पर तो टॉप 10 में म्हाडा
Author: Versha Singh
Jan 26, 2026 07:56 PM IST
महाराष्ट्र सरकार के 150-दिवसीय कार्यकाल मूल्यांकन कार्यक्रम में झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA), मुंबई ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है. यह उपलब्धि आईएएस अधिकारी महेंद्र कल्याणकर के कुशल नेतृत्व में दर्ज की गई है. दूसरी तरफ महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण म्हाडा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार के 150 दिवसीय कार्यक्रम में टॉप टेन में जगह बनाने में सफल हुई है.
इस कार्यक्रम में राज्य की सर्वोत्तम शासकीय संस्थाओं और मंडलों के कामकाज का आकलन किया गया, जिसमें सेवा वितरण, निर्णय क्षमता, समयबद्ध कार्य निष्पादन और जनहित से जुड़े मानकों को आधार बनाया गया. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र सागरी मंडल ने पहला स्थान हासिल किया है.
पहले भी साबित कर चुका है SRA अपना दम
गौरतलब है कि इससे पहले महाराष्ट्र सरकार के 100-दिवसीय कार्यक्रम में भी SRA ने पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया था. लगातार दूसरे बड़े मूल्यांकन कार्यक्रम में टॉप रैंकिंग में शामिल होकर SRA ने अपने कामकाज की निरंतरता और प्रभावशीलता को एक बार फिर साबित किया है.
महाराष्ट्र सागरी मंडल पहले स्थान पर
150-दिवसीय कार्यक्रम की ताजा रैंकिंग में महाराष्ट्र सागरी मंडल ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि SRA दूसरे नंबर पर रहा. वहीं, महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) ने भी टॉप-10 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. MHADA इस समय छठे स्थान पर है और इसका नेतृत्व आईएएस अधिकारी वाइस प्रेसिडेंट संजीव जायसवाल कर रहे हैं.
प्रशासनिक नेतृत्व की छाप
विशेषज्ञों का मानना है कि इन रैंकिंग्स में संबंधित संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों की प्रशासनिक दक्षता, निगरानी तंत्र और जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्पष्ट झलक दिखाई देती है. SRA, MHADA और महाराष्ट्र सागरी मंडल का टॉप रैंकिंग में आना राज्य सरकार के सुशासन मॉडल को भी मजबूती प्रदान करता है.