दिशा सालियान मामले में पहले किया बचाव, अब मांगा आदित्य ठाकरे का इस्तीफा; कैसे बदले संजय गायकवाड़ के सुर?

दिशा सालियान के मामले में महाराष्ट्र की राजनीति गर्माई हुई है। इस मामले में आदित्य ठाकरे समेत 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। दिशा सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थी। दिशा के पिता ने चार लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले में अब विधायक संजय गायकवाड़ ने आदित्य ठाकरे का इस्तीफा मांगा है।

Sanjay Gaikwad

महाराष्ट्र विधानसभा में दिशा सालियान मामले को लेकर सत्ता पक्ष ने 21 मार्च को आदित्य और उद्धव ठाकरे को घेरा था। उस समय शिवसेना (शिंदे गुट) के बुलढाना सीट से विधायक संजय गायकवाड़ ने आदित्य ठाकरे का बचाव करते हुए कहा था कि सीआईडी रिपोर्ट में साफ हो चुका है कि इसमें कोई पॉलिटिकल एंगल नहीं है। पुलिस को इस मामले में रेप और मर्डर के कोई सॉलिड प्रूफ नहीं मिले हैं। मैं सभी राजनीतिक पार्टियों से कहूंगा कि इस मामले में राजनीति न की जाए।

शिंदे गुट के विधायक के आदित्य के बचाव में आने के बाद खुद उद्धव ठाकरे ने उनका धन्यवाद किया था। अब 5 दिन के बाद आदित्य का बचाव करने वाले विधायक संजय गायकवाड़ पलट गए हैं। उन्होंने विधानसभा में दिशा सालियान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संतोष देशमुख हत्याकांड में मंत्री धनंजय मुंडे को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना पड़ा था। अब आदित्य पर आरोप लगा है तो वो नैतिकता दिखाते हुए विधायक पद से इस्तीफा दें। इस बयान के बाद सदन में हंगामा खड़ा हुआ और सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

इस वजह से बदले सुर

सूत्र बताते हैं कि आदित्य का बचाव करने पर संजय गायकवाड़ को पार्टी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की नाराजगी झेलनी पड़ी थी। इसके बाद ही गायकवाड़ के सुर बदले और उन्होंने आदित्य के इस्तीफे की मांग की है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री शंभूराजे देसाई ने कहा कि यदि अदालत इस मामले की जांच के लिए निर्देश देती है तो वे कदम उठाएंगे। कानून के मुताबिक सरकार कोई भी कदम उठाएगी, बशर्ते अदालत से निर्देश प्राप्त हों।

4 लोगों पर दर्ज हुई FIR

बता दें कि दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थी। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना था। वहीं, उसके पिता सतीश सालियान ने आरोप लगाया कि दिशा की गैंगरेप के बाद हत्या की गई थी, लेकिन मामले को दबा दिया गया। दिशा के पिता ने शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, रिया चक्रवर्ती, डीनो मोरिया और सूरज पंचोली के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ