Ankush jaiswal
Read More
---विज्ञापन---
BJP New Office Mumbai Become Political Issue: मुंबई के चर्चगेट इलाके में सोमवार के दिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश मुख्यालय का भूमिपूजन होने जा रहा है. मरीन ड्राइव के किनारे बनने वाला यह शानदार भवन बीजेपी के लिए एक नया ‘पावर सेंटर’ साबित हो सकता है. कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और अन्य शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे. लेकिन इससे पहले ही शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर तीखे आरोप लगाते हुए माहौल गरमा दिया है.
राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा,“मुंबई में बीजेपी मुख्यालय का भूमिपूजन हो रहा है. अमित शाह खुद आ रहे हैं. लेकिन सवाल ये है कि मरीन ड्राइव पर जहां सालों से मराठी भाषा भवन अटका पड़ा है, वहीं बीजेपी के दफ्तर के लिए फाइलें रॉकेट की स्पीड से मंजूर हो गईं. राफेल से भी तेज़ी से सब हुआ. निगम की जमीन देखते-देखते पार्टी के कब्जे में चली गई.”उन्होंने व्यंग्य में आगे कहा,“अमित शाह ईमानदार हैं, उन्हें दो नंबर के काम नहीं आते. मगर जिस दिन वे इस जमीन पर पहला फावड़ा चलाएंगे, उसके नीचे से बहुत से राज़ बाहर आएंगे. शिवाजी महाराज का स्मारक आज तक अधूरा है, लेकिन बीजेपी का मुख्यालय पूरी तैयारी में है. मैंने इस पूरे मामले पर अमित शाह को पत्र लिखा है और उनसे जांच की मांग की है.”
अमित शाह को भेजे पत्र में संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा है कि मरीन लाइन्स स्थित यह भूखंड नगर निगम के रिकॉर्ड में ‘आवासीय उपयोग के लिए आरक्षित था. लेकिन सिर्फ 11 दिनों में यह जमीन बीजेपी के नाम हो गई. राउत का दावा है कि यह सौदा एकनाथ रियल्टर्स नामक बिल्डर के जरिए किया गया. नरीमन पॉइंट का मौजूदा बीजेपी कार्यालय छोटा पड़ने लगा था, और तभी चर्चगेट स्टेशन के पास की यह जमीन पार्टी की नजर में आई.“जिस तेजी से कागज़ चले, वो किसी सरकारी प्रक्रिया जैसी नहीं लगती,” राउत ने कहा.
बीजेपी पर हमला बोलने वालों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार भी शामिल हो गए हैं.
उन्होंने ‘X’ पर लिखा —“राज्य में जमीन घोटाले जोरों पर हैं, और अब मुंबई में बीजेपी के नए कार्यालय की जमीन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह भूखंड महाराष्ट्र हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन की 99 साल की लीज पर था. इमारत को ‘खतरनाक’ घोषित कर गिरा दिया गया, और अब उसी जगह बीजेपी का दफ्तर बन रहा है.” उन्होंने चेतावनी दी, “जब पुणे के जैन बोर्डिंग प्रकरण पर जनता नाराज है, ऐसे में मुंबई की इस जमीन पर उठे सवाल बीजेपी के लिए अच्छा संकेत नहीं हैं. पार्टी को सामने आकर सफाई देनी चाहिए.”
न्यूज 24 पर पढ़ें मुंबई, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।